हथियार के साथ रील बनाना पड़ा महंगा, रांची पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर भेजा जेल

रांची
Share Now

द जन सभा डेस्क |  रांची

आर्म्स एक्ट में नितेश मिर्धा और ऋतिक राज को जेल

हथियार के साथ रील बनाकर इलाके में दबदबा कायम करने की कोशिश कर रहे दो युवकों पर सुखदेवनगर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए रितेश मिर्धा और ऋतिक राज को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से लोडेड 7.65 एमएम की देशी पिस्तौल, एक जिंदा गोली और एक आईफोन बरामद किया गया है। मामले की जानकारी देते हुए नगर पुलिस अधीक्षक पारस राणा ने मंगलवार को समाहरणालय में आयोजित प्रेस वार्ता में मीडिया को पूरी कार्रवाई की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, समय पर मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए टीम ने युवकों को हथियार के साथ पकड़ लिया और किसी संभावित वारदात को होने से पहले ही रोक दिया। पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर की शाम करीब 6:50 बजे सुखदेवनगर थाना प्रभारी को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक हेहल ग्राउंड के पास हथियार के साथ आपराधिक योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही सुखदेवनगर थाना पुलिस और पीसीआर-28 की टीम सक्रिय हुई और हेहल ग्राउंड के पास पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को अपनी ओर आता देखकर वहां मौजूद युवक भागने लगे। पुलिस बल ने पीछा कर एक युवक रितेश मिर्धा, निवासी हेहल पाहन टोली, को पकड़ लिया। हिरासत में लिए गए युवक की विधिवत तलाशी ली गई तो उसके पास से लोडेड 7.65 एमएम की देशी पिस्तौल, एक जिंदा गोली और आईफोन बरामद हुआ।

कार्रवाई के दौरान एक आरोपी मौके से भागने में सफल हो गया था, लेकिन पुलिस ने उसकी तलाश जारी रखी और रात में उसे भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी ऋतिक राज, पिता राजेश कुमार सिंह, निवासी सर्वोदयनगर, इमली पेड़, नवाटोली सिमलिया, थाना रातू, जिला रांची को नवाटोली सिमलिया इलाके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि दोनों युवक हथियार के साथ रील बनाने और इलाके में अपना दबदबा कायम करने की तैयारी में थे। हालांकि, पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि हथियार उन्हें किसने उपलब्ध कराया और इसके पीछे कोई अन्य आपराधिक योजना तो नहीं थी। इस कार्रवाई में सुखदेवनगर थाना और पीसीआर-28 की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। छापेमारी दल में सुखदेवनगर थाना के पुनि सह थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा, पुअनि राहुल कुमार, पुअनि प्रदीप सैवाया, सअनि विनोद कुमार सोनी, पीसीआर-28 के सअनि कृष्णा प्रसाद गुप्ता, पीसीआर-28 के आरक्षी 1466 रोहित कुमार राय तथा सुखदेवनगर थाना रिजर्व गार्ड शामिल थे। पुलिस टीम की तेजी से की गई कार्रवाई के कारण दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सका।

पुलिस ने इस मामले में सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 316/26 दर्ज किया है। प्रेस वार्ता में सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि अवैध हथियार रखने और उसका इस्तेमाल कर लोगों में डर या दबदबा बनाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि बरामद हथियार आरोपियों तक कैसे पहुंचा, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस अब हथियार सप्लायर की तलाश में जुटी है और इसके लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

बरामदगी: 7.65 एमएम की देशी पिस्तौल — 01, जिंदा गोली — 01, आईफोन — 01, गिरफ्तार आरोपी: रितेश मिर्धा और ऋतिक राज।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *