
द जन सभा | डेस्क | रांची
धनतेरस और दीपावली को लेकर राजधानी रांची में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। पुलिस अधीक्षक यातायात, रांची के कार्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार, 6 नवंबर से 8 नवंबर 2026 तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के परिचालन को प्रतिबंधित किया गया है। यह व्यवस्था आवश्यक सेवाओं के वाहनों को छोड़कर लागू रहेगी।
अपर बाजार में दोपहर 12:30 बजे से चारपहिया वाहनों की नो एंट्री: जारी आदेश के मुताबिक, 6 से 8 नवंबर तक प्रतिदिन दोपहर 12:30 बजे से रात 12 बजे तक अपर बाजार में सभी प्रकार के चारपहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। त्योहार के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। स्टेडियम चौक से सुजाता चौक तक मालवाहक वाहनों पर रोक: इस दौरान रेडियम चौक से सुजाता चौक के बीच सभी प्रकार के छोटे और बड़े मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, विक्रांत चौक से काली मंदिर चौक तक सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।
बड़े मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध: रांची शहर में सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक सभी बड़े मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। यातायात के दबाव और जरूरत के अनुसार अन्य मार्गों पर भी कुछ समय के लिए वाहनों को डायवर्ट किया जा सकता है अथवा रोका जा सकता है। प्रशासन ने रांचीवासियों से अपील की है कि वे सड़कों पर अनावश्यक रूप से वाहन पार्क न करें। सड़क किनारे बेतरतीब पार्किंग से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और आम लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। प्रशासन ने त्योहार के दौरान सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में नागरिकों से सहयोग की अपील की है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
