
द जन सभा | डेस्क | रांची
बुंडू थाना क्षेत्र में टायर दुकान से लाखों रुपये के सामान और नकदी की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी के 16 पीस अपोलो टायर, तीन इन्वर्टर, चार बैटरी, तीन मोबाइल फोन और एक स्टेबलाइजर बरामद किया गया है। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल की गई लाल रंग की टाटा मैजिक गाड़ी भी पुलिस ने जब्त की है। 1 अक्टूबर 2026 की रात बुंडू थाना क्षेत्र के बिरसा मोड़ स्थित टायर कॉर्नर दुकान को चोरों ने निशाना बनाया था। अपराधियों ने दुकान से 26 पीस अपोलो टायर, एक इन्वर्टर, एक बैटरी, करीब 30 से 40 हजार रुपये नकद और सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर चोरी कर लिया था। इस मामले में बुंडू थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
जिसके बाद पुलिस ने जांच टीम का गठन किया। बुंडू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्य, वैज्ञानिक अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर जांच तेज की। लगातार छापेमारी और साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद पुलिस को इस चोरी की वारदात में शामिल आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।
पुलिस की जांच में मुख्य आरोपी राधा मोहन सिंह मुंडा के साथ उसके सहयोगी प्रवीण पातर मुंडा और रमेश सिंह मुंडा की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर अड़की थाना क्षेत्र के जंगल से चोरी किए गए अपोलो टायर बरामद किए गए। वहीं, घटना में इस्तेमाल की गई लाल रंग की टाटा मैजिक गाड़ी भी आरोपियों के घर से बरामद की गई।
इस मामले में पुलिस ने एक अन्य आरोपी करण कुमार महतो को भी गिरफ्तार किया है। उसके घर से चोरी किए गए अन्य सामान बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों ने अड़की थाना क्षेत्र में 3 अक्टूबर 2026 को एक कॉस्मेटिक सेंटर एवं एक घर में चोरी की वारदात को भी अंजाम देने की बात स्वीकार की है। उस चोरी से संबंधित सामान भी करण कुमार महतो के घर से बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राधा मोहन सिंह मुंडा (करीब 36 वर्ष), पिता गोवर्धन मुंडा, ग्राम जारंगा टोला, लेम्बा, थाना अड़की; प्रवीण पातर मुंडा (करीब 32 वर्ष), पिता स्वर्गीय मोहन पातर मुंडा, ग्राम बारूहात रोड, खुंटीमांडी, थाना अड़की; रमेश सिंह मुंडा (करीब 26 वर्ष), पिता स्वर्गीय मोहन पातर मुंडा, ग्राम बारूहात रोड, खुंटीमांडी, थाना अड़की और करण कुमार महतो (करीब 30 वर्ष), पिता ललोधन महतो, ग्राम एदलडीह, थाना तमाड़, जिला रांची के रूप में हुई है। पुलिस ने चोरी की घटना में प्रयुक्त टाटा मैजिक गाड़ी (रजिस्ट्रेशन नंबर JH01AU-2034), तीन मोबाइल फोन, 16 पीस अपोलो टायर, तीन पीस इन्वर्टर, चार पीस बैटरी और एक पीस स्टेबलाइजर बरामद किया है।
पुलिस अनुसार, गिरफ्तार आरोपी राधा मोहन सिंह मुंडा का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2011 में अड़की थाना कांड संख्या 11/2011 दर्ज किया गया था, जिसमें आर्म्स एक्ट, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और CLA एक्ट समेत विभिन्न धाराएं लगाई गई थीं। कार्रवाई में बुंडू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओम प्रकाश, बुंडू थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो समेत अनुसंधानकर्ता, तकनीकी शाखा और बुंडू थाना की पुलिस टीम के अधिकारियों एवं जवानों की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता मिली है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
