राँची के अपराधियों को SSP ने चेताया कहा गलती से भी गलती मत करना वरना…!
द जन सभा डेस्क | रांची
क्राइम ब्लैक स्पॉट, स्नैचिंग, अड्डेबाजी, नशेबाजी एवं यातायात व्यवस्था को लेकर वरीय पुलिस पदाधिकारियों ने किया क्षेत्र भ्रमण
गणेश पूजा को लेकर राँची पुलिस ने इस बार सिर्फ कागजी तैयारियों तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस की सक्रियता जमीन पर साफ दिखाई दी। वरीय पुलिस अधीक्षक राँची के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और पुलिस अधीक्षक यातायात समेत वरीय पुलिस अधिकारियों ने शहर के अलग-अलग हिस्सों का क्षेत्र भ्रमण कर सुरक्षा, अपराध नियंत्रण, अड्डेबाजी, नशेबाजी, स्नैचिंग और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। पूजा पंडालों और आयोजन स्थलों पर पहुंचकर भीड़ के दबाव, श्रद्धालुओं की आवाजाही, पार्किंग और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था को देखा गया। अधिकारियों ने संबंधित थाना प्रभारियों और पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पूजा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी तथा निगरानी लगातार बनी रहनी चाहिए।
सुखदेवनगर, पंडरा, कोतवाली और अरगोड़ा थाना क्षेत्र समेत मुंडला पहाड़ और अन्य संवेदनशील इलाकों का भौतिक निरीक्षण कर उन जगहों को परखा गया, जहां अपराध, स्नैचिंग, अड्डेबाजी या नशेबाजी की आशंका रहती है। पुलिस अधिकारियों ने थाना प्रभारियों को संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने, नियमित गश्ती बढ़ाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ निरोधात्मक एवं विधिसम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसी कार्रवाई के दौरान मुंडला पहाड़ क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध शराब बरामद की गई, दूसरी ओर अपर बाजार के बड़ा तालाब और आसपास के इलाकों में पूर्व में सामने आई चोरी और छिनतई की घटनाओं को देखते हुए पुलिस गश्ती और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान ऐसे डिवाइडर कटिंग चिन्हित किए गए, जिनसे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। पुलिस अधीक्षक यातायात के साथ समीक्षा के बाद इन कटिंग को स्लाइडिंग बैरियर के जरिए बंद कराने का निर्णय लिया गया है, ताकि वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित हो और अनावश्यक जाम की स्थिति पर अंकुश लगाया जा सके। वहीं सड़क किनारे अनधिकृत तरीके से खड़े ऑटो और अन्य वाहनों को लेकर भी संबंधित पदाधिकारियों को विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। नो-पार्किंग और अनधिकृत पार्किंग वाले स्थानों पर जुर्माना लगाने के साथ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को विधि-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन में किसी भी तरह की कमी नहीं रहने देने का निर्देश दिया है। खास तौर पर क्राइम ब्लैक स्पॉट और स्नैचिंग प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी और गश्ती को लगातार प्रभावी बनाए रखने पर जोर है। ग्राउंड पर पुलिस की इस सक्रियता से इतना तो साफ है कि गणेश पूजा के दौरान भीड़ बढ़ने से पहले राँची पुलिस ने उन इलाकों को अपनी निगरानी में लेना शुरू कर दिया है, जहां छोटी-सी लापरवाही भी अपराध या यातायात अव्यवस्था का कारण बन सकती है। अब निगाह इस बात पर रहेगी कि आने वाले दिनों में विशेष अभियान का असर शहर की सड़कों, पूजा पंडालों और संवेदनशील इलाकों में कितना दिखाई देता है।
