द जन सभा | निरंजन भारती
झारखंड के जमशेदपुर में पुलिस की मौजूदगी में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस घटना को लेकर मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने रांची में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एलान किया कि इस घटना के विरोध में 2 जुलाई की शाम को जमशेदपुर में मशाल जुलूस निकाला जाएगा, जबकि 3 जुलाई को ‘जमशेदपुर बंद’ का आह्वान किया गया है। भाजपा ने चेतावनी दी है कि अगर राज्य में कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए तुरंत कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में पूरा झारखंड बंद कराया जाएगा।

भाजपा ने इस पूरे मामले में मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा, “जमशेदपुर की घटना रौंगटे खड़ी करने वाली है। अपराधियों ने एक युवक पर जानलेवा हमला किया, वह अपनी जान बचाने के लिए भागकर पुलिस की गाड़ी में घुस गया। लेकिन अपराधियों ने पुलिस के सामने ही उसे वैन से खींचकर मार डाला और पुलिस मूकदर्शक बनी रही। यह राज्य में अपराधियों की समानांतर सरकार चलने का सबसे बड़ा सबूत है।” भाजपा ने मांग की है कि घटना के वक्त लापरवाही बरतने वाले सभी दोषी पुलिस अधिकारियों और कर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें तुरंत जेल भेजा जाए और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में हो।
सरकार की नीयत और पुलिसिंग पर उठाए सवाल
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा ने ट्रांसफर-पोस्टिंग के खेल और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी तीखे हमले किए। आदित्य साहू ने कहा कि जनदबाव के कारण सरकार ने दो एसपी का तबादला तो कर दिया, लेकिन 12 घंटे बीत जाने के बाद भी नए अफसरों की तैनाती नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा लगता है कि पोस्टिंग के लिए ‘दर’ तय की जा रही है और मोलभाव पूरा न होने के कारण देरी हो रही है। भाजपा नेता ने तंज कसते हुए कहा कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के समय जो पुलिस रात-दिन मोटरसाइकिल से गश्त करती थी, वह पुलिस आज रात के अंधेरे में सिर्फ कोयला और बालू की अवैध गाड़ियों से वसूली करने में व्यस्त है।

पार्टी ने राज्य सरकार से कानून-व्यवस्था पर एक ‘श्वेत पत्र’ जारी करने और अपराध नियंत्रण की स्पष्ट कार्ययोजना सामने रखने की मांग की है। इसके साथ ही पीड़ित परिवार के लिए न्याय, सुरक्षा और उचित मुआवजे की वकालत की गई है। भाजपा ने संगठित अपराध, रंगदारी और अवैध हथियारों के खिलाफ एक राज्यव्यापी विशेष अभियान शुरू करने की भी जरूरत बताई है।
क्राइम सिटी’ बनी राजधानी
राज्य में महिला सुरक्षा और बढ़ते अपराधों का हवाला देते हुए भाजपा अध्यक्ष ने पिछले छह वर्षों के कुछ कथित आंकड़े भी पेश किए। उन्होंने दावा किया कि इस अवधि में झारखंड के भीतर 10,113 दुष्कर्म, 11,000 से अधिक अपहरण और करीब 9,300 हत्याओं जैसी संगीन वारदातें दर्ज हुई हैं। साहू ने कहा कि खुद राजधानी रांची अब ‘क्राइम सिटी’ में तब्दील हो चुकी है, जहां पुलिस की नाक के नीचे आरएसएस मुख्यालय पर पेट्रोल बम फेंक दिया जाता है।
रिम्स की डेंटल छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म, कोतवाली क्षेत्र में तीन साल की बच्ची से दरिंदगी, बेरमो में दलित महिला की हत्या और रामगढ़ में सब-रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की पीट-पीटकर की गई हत्या का जिक्र करते हुए भाजपा ने कहा कि राज्य में कोई भी सुरक्षित नहीं है। उन्होंने सरकार को दो टूक लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अमन-चैन बहाल करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेगा, जिसे संभालना सरकार के बस में नहीं होगा।
