द जन सभा डेस्क
झारखंड के चतरा जिले के टंडवा में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के माहौल में मनाया गया। प्रखंड मुख्यालय, पुलिस-प्रशासनिक कार्यालयों, सीसीएल की मगध, आम्रपाली और चंद्रगुप्त परियोजनाओं के साथ एनटीपीसी परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इस दौरान भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से कोयलांचल गूंजता रहा। एनटीपीसी परिसर में एचओपी आलोक कुमार त्रिपाठी ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। आम्रपाली-चंद्रगुप्त क्षेत्र में जीएम संजीव कुमार और मगध-संघमित्रा क्षेत्र में जीएम राजीव कुमार ने भी ध्वजारोहण किया।

टंडवा के विभिन्न सरकारी और संस्थानों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित हुए। डीएसपी कार्यालय में प्रभात रंजन बरवार, प्रखंड कार्यालय में बीडीओ देवलाल उरांव, थाना परिसर में इंस्पेक्टर पप्पू कुमार शर्मा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. सुदीप कुमार ने तिरंगा फहराया। शहीद चौक पर विधायक उज्जवल दास ने ध्वजारोहण किया। वहीं, विभिन्न परियोजना कार्यालयों और निजी कंपनियों में भी अधिकारियों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
मगध और आम्रपाली क्षेत्र में आयोजित समारोहों में स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीत और नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण सीसीएल के 75 कर्मियों का सम्मान रहा। उत्कृष्ट और सराहनीय कार्य करने वाले इन कर्मियों को दोनों क्षेत्रों के महाप्रबंधकों ने पदोन्नति का प्रमाण पत्र प्रदान किया। अधिकारियों ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को नमन करते हुए औद्योगिक क्षेत्र की प्रगति में कर्मियों और स्थानीय लोगों के योगदान की सराहना की।
