द जन सभा | डेस्क
लोकहित अधिकार पार्टी के रांची जिलाध्यक्ष अशोक राम समर्थकों के साथ आजसू पार्टी में शामिल हो गए हैं। उनके साथ कोकदोरो पंचायत के मुखिया उज्ज्वल पहान ने भी आजसू का दामन थाम लिया। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो और जिलाध्यक्ष संजय महतो की मौजूदगी में नेताओं को माला और पार्टी का पट्टा पहनाकर स्वागत किया गया।

पार्टी में शामिल होते ही आजसू नेतृत्व ने अशोक राम पर भरोसा जताते हुए उन्हें रांची जिला उपाध्यक्ष की नई जिम्मेदारी सौंपी है। कांके प्रखंड के बालू गांव के रहने वाले अशोक राम की स्थानीय स्तर पर जमीनी कार्यकर्ता के रूप में पहचान है। पार्टी नेताओं का मानना है कि उनकी गांव-घर में मजबूत पकड़ और युवाओं के बीच लोकप्रियता से आने वाले दिनों में आजसू को क्षेत्र में अपना जनाधार बढ़ाने में काफी मदद मिलेगी।
नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत करते हुए आजसू के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा, अशोक राम और उज्ज्वल पहान जैसे समर्पित और जमीनी कार्यकर्ताओं के आने से रांची जिले में संगठन और मजबूत होगा। अशोक राम की क्षेत्र के युवाओं और ग्रामीण इलाकों में बेहतरीन पकड़ है। आजसू हमेशा से झारखंड के हक-अधिकार और विकास के लिए काम करती रही है। मुझे पूरा विश्वास है कि सभी नए साथी पार्टी की सोच और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
वहीं पार्टी की सदस्यता लेने के बाद अशोक राम ने कहा, मैं आजसू पार्टी की नीतियों और सुदेश कुमार महतो के नेतृत्व से प्रभावित होकर इस परिवार से जुड़ा हूं। पार्टी ने मुझे रांची जिला उपाध्यक्ष की जो जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर मैं पूरी ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास करूंगा। मेरा मुख्य उद्देश्य गांव-देहात के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना और युवाओं की समस्याओं को मजबूती से उठाना होगा।
