द जन सभा | निरंजन भारती
फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज (FJCCI) के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कांके रोड स्थित उनके आवासीय कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री के साथ राज्य में उद्योग, व्यापार और निवेश के वर्तमान माहौल और भविष्य की संभावनाओं पर सकारात्मक एवं रचनात्मक चर्चा की। बैठक में कारोबारियों ने राज्य के औद्योगिक विकास को गति देने के लिए अपने सुझाव भी साझा किए, जिस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रुख दिखाया।

मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि फेडरेशन द्वारा जल्द ही एक बड़े राज्यस्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस सम्मेलन में झारखण्ड के विभिन्न जिलों और क्षेत्रों से जुड़े नामचीन उद्योगपति, व्यापारी तथा युवा उद्यमी हिस्सा लेंगे। चेम्बर के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री श्री सोरेन से इस आगामी सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का सादर आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल में चेम्बर के अध्यक्ष आदित्य मलहोत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया व राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल सहित पलामू और गुमला चेम्बर के पदाधिकारी व कार्यकारिणी सदस्य मौजूद थे।

