28 से 30 सितंबर तक बैंककर्मियों की तीन दिवसीय हड़ताल, 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
रांची: बैंककर्मियों के अखिल भारतीय बैंक हड़ताल के तहत यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस, रांची के बैनर तले गुरुवार को बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों ने सुजाता चौक के समीप क्षेत्रीय कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में महिला बैंककर्मियों और ग्रामीण क्षेत्र के बैंक कर्मचारियों ने भी हिस्सा लिया।
यूनाइटेड फोरम ने पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह तत्काल लागू करने, पीएलआई भुगतान में विसंगतियां दूर करने तथा पेंशन अपडेशन समेत लंबित मुद्दों पर तत्काल वार्ता कर समाधान निकालने की मांग की।
संगठन ने कहा कि देश के रिजर्व बैंक, नाबार्ड, सेबी, स्टॉक एक्सचेंज, बीमा कंपनियों, एलआईसी-जीआईसी सहित विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र के संस्थानों और सरकारी कार्यालयों में पांच दिवसीय साप्ताहिक कार्य व्यवस्था लागू है, जबकि वाणिज्यिक बैंकों में अभी इसका प्रावधान नहीं है।
प्रेस विज्ञप्ति में आरोप लगाया गया कि बैंकिंग उद्योग में पीएलआई भुगतान में विसंगतियां सामने आई हैं। संगठन ने पेंशन अपडेशन और 10 अप्रैल 2010 के बाद नियुक्त बैंककर्मियों को ओपीएस सुविधा से जुड़े मुद्दों का भी उल्लेख किया।
संगठन ने कहा कि वित्तीय सेवा विभाग की ओर से कर्मचारी विरोधी नीतियां लागू किए जाने और हड़ताल को विफल करने के प्रयासों का विरोध किया जा रहा है। बैंक यूनियनों के अनुसार, 28, 29 और 30 सितंबर 2026 को तीन दिवसीय अखिल भारतीय बैंक हड़ताल की जाएगी। यदि मांगों पर पहल नहीं हुई तो 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन अखिल भारतीय बैंक हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई है।
प्रदर्शन के दौरान संगठन के पदाधिकारियों और नेताओं ने कर्मचारियों की मांगों के समर्थन में अपनी बातें रखीं। अंत में आम जनता, बैंककर्मियों, किसानों, मजदूरों, छात्रों और युवाओं से आंदोलन को समर्थन देने की अपील की गई।
