सत्यापित प्रोफाइल के साथ जीवनसाथी की तलाश करें
रांची: सुरक्षित, विश्वसनीय और आधुनिक तरीके से जीवनसाथी की तलाश को आसान बनाने के उद्देश्य से ‘विवाहश्री’ मेट्रीमोनियल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया गया। रांची प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विवाहश्री प्राइवेट लिमिटेड के फाउंडर डायरेक्टर प्रकाश कुमार ने प्लेटफॉर्म की सुविधाओं, प्रोफाइल सत्यापन प्रक्रिया और लॉन्च ऑफर की जानकारी दी। ‘आपकी शादी, हमारी जिम्मेदारी’ टैगलाइन के साथ शुरू किए गए इस प्लेटफॉर्म की शुरुआत 10 अप्रैल 2026 को हुई है।
कंपनी के अनुसार, लॉन्च ऑफर के तहत फिलहाल रजिस्ट्रेशन और मैचिंग सेवा मुफ्त है। यह सुविधा एक लाख प्रोफाइल का रजिस्ट्रेशन पूरा होने या एक वर्ष की अवधि तक, जो पहले हो, उपलब्ध रहेगी। उपयोगकर्ता अपने अलावा परिवार, रिश्तेदारों और दोस्तों के लिए भी रिश्ते तलाश सकते हैं।
विवाहश्री में फर्जी प्रोफाइल और गलत जानकारी की आशंका को देखते हुए सत्यापन आधारित व्यवस्था पर जोर दिया गया है। जरूरत के अनुसार पहचान, पता, शिक्षा, नौकरी या पेशा, आय, पुलिस सत्यापन तथा जाति और समुदाय से जुड़ी जानकारी का सत्यापन किया जा सकता है। वेबसाइट और मोबाइल ऐप के जरिए मोबाइल नंबर या ई-मेल से रजिस्ट्रेशन कर प्रोफाइल बनाई जा सकती है।
उपयोगकर्ता उम्र, शिक्षा, पेशा, स्थान, पारिवारिक पृष्ठभूमि, गोत्र और राशि समेत विभिन्न प्राथमिकताओं के आधार पर उन्नत मिलान कर सकते हैं। पसंद आने पर ‘इंटरेस्ट’ भेजने और आपसी स्वीकृति के बाद चैट, ऑडियो व वीडियो कॉल के जरिए बातचीत की सुविधा भी उपलब्ध है।
प्रकाश कुमार ने कहा कि उद्देश्य सिर्फ मेट्रीमोनियल ऐप बनाना नहीं, बल्कि शादी के लिए रिश्ते तलाशने की प्रक्रिया को सरल, सुरक्षित और भरोसेमंद बनाना है। उन्होंने कहा कि ‘विवाहश्री’ अरेंज्ड और लव मैरिज, दोनों तरह के रिश्तों की तलाश में उपयोगी हो सकता है। इच्छुक लोग Vivashri.com पर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
