अफवाह फैलाने या भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : सतीश पांडे

द जन सभा | निरंजन
आगामी बकरीद और ऐतिहासिक मंडा पूजा के सफल तथा शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर पिठोरिया थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य दोनों ही प्रमुख त्योहारों को आपसी भाईचारे, सांप्रदायिक सौहार्द और अमन-चैन के माहौल में संपन्न कराना है। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए।
भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर होगी त्वरित व कड़ी कार्रवाई: थाना प्रभारी
बैठक को संबोधित करते हुए पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश पांडे ने शरारती तत्वों को कड़े लहजे में चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान फेसबुक, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर पुलिस की आईटी सेल द्वारा कड़ी निगरानी रखी जाएगी। इसका मकसद किसी भी तरह की अफवाह, आपत्तिजनक पोस्ट या वीडियो को फैलने से रोकना है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि इंटरनेट पर भड़काऊ संदेश फैलाने वाले और क्षेत्र का माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों को चिह्नित कर उन पर त्वरित व सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सरकारी गाइडलाइन का पालन कर मनाएंगे त्योहार: हकीम अंसारी
बैठक में मौजूद पूर्व जिला परिषद सदस्य हकीम अंसारी ने प्रशासन के प्रति पूर्ण सहयोग जताते हुए स्थानीय जनता की ओर से भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन द्वारा जारी की गई गाइडलाइन के तहत ही सभी लोग मिलकर त्योहारों को आपसी भाईचारे के साथ मनाएंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
4000 वर्षों का इतिहास, परंपरा और आपसी प्रेम को बनाए रखें: ऐनुल हक
वहीं, पूर्व जिला परिषद सदस्य ऐनुल हक अंसारी ने त्योहार के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए जनता से भावुक अपील की। उन्होंने कहा कि लगभग 4000 वर्षों से ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का त्योहार पूरी दुनिया में त्याग और समपर्ण के प्रतीक के रूप में मनाया जा रहा है। देश की आजादी के बाद से अब तक हमारे क्षेत्र में सभी त्योहार शांतिपूर्ण और मिलजुल कर मनाए जाते रहे हैं। उन्होंने सभी आम लोगों से इस गौरवशाली परंपरा को बनाए रखते हुए आपसी प्रेम के साथ त्योहार मनाने की बात कही।
शांतिपूर्ण और गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न होंगे दोनों त्योहार
पिठोरिया पंचायत समिति सदस्य श्रवण गोप और प्रबुद्ध समाजसेवी अनिल केसरी ने भी बैठक में अपने विचार रखे। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के आधार पर ही इस वर्ष भी मंडा पूजा और बकरीद का त्योहार बेहद शांतिपूर्ण, गरिमापूर्ण और अनुशासित तरीके से संपन्न होगा। उन्होंने कहा कि पिठोरिया की जनता हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश करती आई है और इस बार भी ऐसा ही देखने को मिलेगा।
बैठक में ये रहे उपस्थित
इस महत्वपूर्ण शांति समिति की बैठक में मुख्य रूप से सब-इंस्पेक्टर संतोष यादव, एसआई सत्यदेव कुमार, एसआई सुनील दास उपस्थित थे। इसके अलावा जनप्रतिनिधियों व गणमान्य लोगों में पूर्व जीप सदस्य ऐनुल हक अंसारी, पूर्व जीप सदस्य हकीम अंसारी, पंचायत समिति सदस्य श्रवण गोप, पिठोरिया मंडा पूजा समिति के अध्यक्ष जितेंद्र साहू, झामुमो नेता जुल्फिकार खान, नकुल महतो, अनिल केशरी, वसीम अकरम, सुरेश राम, दिलेश्वर साहू, हाफिज अंसारी, भोला खान, मनोज राम और मधु साहू सहित क्षेत्र के कई अन्य संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।
