रातू गैंगरेप मामले में दो नाबालिग समेत चार आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए

रांची
Share Now

रांची के रातू में गैंगरेप मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा दिया गया है ।

द जन सभा डेस्क रांची

रांची के रातू थाना क्षेत्र में करमा पूजा मेले से लौट रही एक युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, घटना 22 सितंबर 2026 की रात की है। पीड़िता ने 26 सितंबर को रातू थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि तीन से चार अज्ञात युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने इस मामले में दो वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, मामले में रातू थाना कांड संख्या 326/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच के लिए रांची के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल का गठन किया गया। पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) द्वितीय रांची के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली और दो वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजीव मुंडा उर्फ रावण (22 वर्ष) और सुनील मुंडा (23 वर्ष) के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों रातू थाना क्षेत्र के निवासी हैं। इस मामले में दो नाबालिगों को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों और नाबालिगों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। हालांकि, आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगी।

पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे करमा पूजा मेले से लौट रही युवती को रास्ते में देखकर उसके साथ वारदात में शामिल हुए। पुलिस के मुताबिक, युवती उस समय मोबाइल फोन पर बात करते हुए जा रही थी। आरोप है कि आरोपियों ने मौका देखकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और उसके पास मौजूद चेन भी छीन ली। पुलिस इस मामले में लूटे गए सामान और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी संजीव मुंडा के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस का दावा है कि मोबाइल में घटना से संबंधित साक्ष्य मिले हैं। बरामद मोबाइल को जांच के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने मोबाइल से मिले साक्ष्यों का विस्तृत ब्योरा सार्वजनिक नहीं किया है। मामले में तकनीकी साक्ष्यों और आरोपियों के बयानों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों वयस्क आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है, जबकि दोनों नाबालिगों को किशोर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान हो चुकी है या नहीं और वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्य क्या हैं।फिलहाल, रातू में सामने आए इस मामले की जांच जारी है। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब मामले में आगे की न्यायिक प्रक्रिया और जांच के निष्कर्षों पर नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *