रांची में एथर ने पेश किया नया इलेक्ट्रिक स्कूटर ‘कोणार्क’, 200 किमी तक की रेंज

कारोबार झारखंड झारखंड न्यूज़ रांची
Share Now

रांची: इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन निर्माता एथर एनर्जी ने रांची में अपना नया इलेक्ट्रिक स्कूटर ‘कोणार्क’ पेश किया। कंपनी के नए ईएल प्लेटफॉर्म पर तैयार कोणार्क में रोजमर्रा की सवारी, आराम, रेंज, मजबूती और आसान रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया गया है। कंपनी के अनुसार, कोणार्क छह वैरिएंट में उपलब्ध है और 200 किलोमीटर तक की आईडीसी रेंज देता है।

एथर एनर्जी के हेड ऑफ मार्केटिंग सौरभ शर्मा ने कहा कि झारखंड कंपनी के लिए इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को ज्यादा से ज्यादा राइडर्स तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण बाजार है। कोणार्क को उन ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदने की योजना बना रहे हैं। इसमें मेटल बॉडी, बेहतर रेंज, आरामदायक राइड, तेज होम चार्जिंग और लंबा सर्विस इंटरवल जैसी सुविधाएं दी गई हैं।

कोणार्क के सभी वैरिएंट में एथर की पांचवीं पीढ़ी की बैडरॉक बैटरी दी गई है। कंपनी बैटरी पर 10 साल या एक लाख किलोमीटर, जो भी पहले हो, की वारंटी दे रही है। साथ ही वारंटी अवधि के अंत तक कम से कम 70 प्रतिशत बैटरी हेल्थ बनाए रखने की गारंटी भी दी गई है। स्कूटर का सर्विस इंटरवल 10 हजार किलोमीटर या एक साल है।

स्कूटर में उन्नत इलेक्ट्रॉनिक ब्रेकिंग सिस्टम, मैजिककी, ऑटोपॉप और एयरवॉक जैसे फीचर दिए गए हैं। 14 इंच के फ्रंट और 12 इंच के रियर अलॉय व्हील के साथ इसमें 1352 मिमी का व्हीलबेस है। दोनों पहियों पर लॉन्ग-ट्रैवल सस्पेंशन दिए गए हैं। कंपनी के अनुसार, यह उसका पहला स्कूटर है जिसमें रियर साइड पर मेटल पैनल और स्टील यूनिबॉडी चेसिस दिया गया है।

चार्जिंग को आसान बनाने के लिए कोणार्क में इनबिल्ट ऑनबोर्ड चार्जर और चार्जिंग केबल दी गई है। वैकल्पिक 450 वॉट ऑफबोर्ड चार्जर के इस्तेमाल से कुल 900 वॉट की संयुक्त चार्जिंग क्षमता मिल सकती है, जिससे होम चार्जिंग का समय कम किया जा सकता है।

कंपनी के अनुसार झारखंड में उसके आठ एक्सपीरियंस सेंटर और छह सर्विस सेंटर हैं, जिनमें दो रांची में हैं। राज्य में 38 से अधिक एथर फास्ट चार्जिंग प्वाइंट भी उपलब्ध हैं। कोणार्क के साथ कंपनी झारखंड में अपनी 450 सीरीज और रिज्टा के साथ इलेक्ट्रिक स्कूटरों के पोर्टफोलियो का विस्तार कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *