जनसमर्थन मिला तो क्षेत्र का करेंगे कायाकल्प
रांची/ईचागढ़: रांची संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी यशस्विनी सहाय बुधवार को ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बंसा पंचायत में जनसंपर्क अभियान में शामिल हुईं।
मौके पर उन्होंने कहा कि उन्हें जन समर्थन मिला तो क्षेत्र का कायाकल्प करेंगे। उन्होंने कहा कि वह जहां-जहां जा रही हैं, वहां जन समस्याओं से रूबरू होना पड़ रहा है। कई क्षेत्रों में तो लोग बुनियादी सुविधाओं से भी वंचित हैं।
उन्होंने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि यदि उन्हें समर्थन मिला और जनप्रतिनिधि चुनी गईं ,तो क्षेत्र में विकास का एक नया इतिहास लिखेंगी। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास का सपना साकार होगा। उन्होंने कहा कि लोगों को बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने के प्रति भी वह सदैव तत्पर रहेंगी। बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित खासकर ग्रामीण इलाकों की जनता की समस्याएं उनकी प्राथमिकताओं में शुमार है।
मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि क्षेत्र के विकास के प्रति वे सदैव समर्पित रहे हैं। उनकी राजनीतिक विरासत को बेटी यशस्विनी अब आगे बढ़ाने की ओर अग्रसर है। उन्होंने जनता से इंडिया गठबंधन की प्रत्याशी यशस्विनी सहाय को चुनाव में व्यापक जन समर्थन देने की अपील की।

इस अवसर पर राजाराम, राणा जी, जय सिंह, अशोक उरांव, सुखदेव महतो, धीरेंद्र मांझी, राम सिंह उरांव, विभीषण महतो, सुखराम गोराई, अश्वनी महतो सहित काफी संख्या में ग्रामीण पुरुष व महिलाएं, कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद थे।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
