
द जन सभा
कम संसाधनों और भारी आर्थिक तंगहाली के बावजूद अपने मजबूत हौसले के बलबूते अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का मान बढ़ाने वाली जामताड़ा की युवा शूटर देवासी हेंब्रम को झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सम्मानित किया। रांची स्थित अपने आवास पर श्री मरांडी ने देवासी को शॉल ओढ़ाया और मिठाई खिलाकर बधाई दी। इस दौरान उन्होंने देवासी को भविष्य की तैयारियों के लिए सहयोग राशि भी प्रदान की। बता दें कि जामताड़ा जिले के सुदूर कुंडहेत प्रखंड की रहने वाली देवासी ने हाल ही में 4 से 7 मई तक थाईलैंड में आयोजित ‘थर्ड इंटरनेशनल राइफल शूटिंग चैंपियनशिप 2026’ में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल पर निशाना साधा है।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि देवासी हेंब्रम ने सीमित संसाधनों के बीच अंतरराष्ट्रीय पटल पर झारखंड और पूरे देश का परचम लहराया है। देवासी एक बेहद साधारण कृषक परिवार से आती हैं, जिनके पिता खेती-बाड़ी के जरिए किसी तरह घर का खर्च चलाते हैं और बच्चों को पढ़ा रहे हैं। ऐसी विपरीत परिस्थितियों में भी देवासी अपनी बहन के साथ जामताड़ा में मात्र 1000 रुपये के किराए के कमरे में रहकर पढ़ाई के साथ-साथ शूटिंग की प्रैक्टिस करती हैं। इतना ही नहीं, वह अपने सपनों को जिंदा रखने के लिए एक फिजियोथैरेपी सेंटर में पार्ट-टाइम जॉब भी कर रही हैं, जो उनकी अद्भुत जिजीविषा को दर्शाता है।

देवासी के कड़े संघर्ष को सलाम करते हुए श्री मरांडी ने सरकार की उदासीनता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जानकारी के अनुसार, इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करने के बाद भी सरकार के स्तर से देवासी को अब तक कोई सहायता नहीं मिली है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि समाज के जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हमारा यह कर्तव्य है कि इस होनहार बच्ची की प्रतिभा आर्थिक तंगहाली के कारण कुंद न हो। श्री मरांडी ने भरोसा दिलाया कि देवासी को राइफल शूटिंग किट्स और आधुनिक खेल सामग्रियों की जो भी जरूरत होगी, उसे वे अपने स्तर से पूरा कराएंगे ताकि उसकी राह में कोई बाधा न आए।
वहीं, इस सम्मान से गदगद गोल्ड मेडलिस्ट शूटर देवासी हेंब्रम ने नेता प्रतिपक्ष का आभार जताते हुए अपनी जमीनी हकीकत बयां की। देवासी ने बताया कि उनके पास अभ्यास के लिए पर्याप्त और आधुनिक संसाधन उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने यह मुकाम केवल अपने जज्बे और बड़ों के आशीर्वाद से हासिल किया है। युवा शूटर ने दृढ़ विश्वास के साथ कहा कि यदि उन्हें और राज्य के अन्य प्रतिभावान खिलाड़ियों को सरकार से बेहतर संसाधन और आधुनिक राइफलें मिलें, तो वे भविष्य में होने वाले वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े मंचों पर देश के लिए मेडल जीतकर राज्य का नाम पूरी दुनिया में रोशन कर सकते हैं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
