झारखंड में इंडियन ओवरसीज बैंक का दूसरा क्षेत्रीय कार्यालय खुलेगा

कारोबार झारखंड न्यूज़ रांची
Share Now

दो साल में झारखंड में बैंक का कारोबार 15 हजार करोड़ रुपये करने का लक्ष्य: एमडी

रांची: इंडियन ओवरसीज बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि इंडियन ओवरसीज बैंक के लिए झारखंड राज्य बहुत ही महत्वपूर्ण है। एक माह के अंदर जामताड़ा एवं पाकुड़ में नयी शााखा खोलने की योजना है। इसके साथ ही राज्य के सभी जिलों में बैंक की उपस्थिति हो जायेगी। बैंक झारखंड में लगातार अपनी शाखाओं का विस्तार कर रहा है। रांची में बैंक का क्षेत्रीय कार्यालय है। अगले दो से तीन सालों में बैंक का एक और नया क्षेत्रीय कार्यालय बोकारो या जमशेदपुर में खुलेगा। इस क्षेत्रीय कार्यालय के खुल जाने से राज्य में दो क्षेत्रीय कार्यालय होंगे एवं इसके अतंर्गत एक क्षेत्रीय कार्यालय के अंदर 65 से 70 शाखाएं संचालित की जायेंगी।

श्री श्रीवास्तव सोमवार को रेडियम रोड स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। एक दिवसीय दौरे पर रांची पहुंचे एमडी एवं सीइओ ने लालपुर में एक नयी शाखा का उद्घाटन किया एवं होम लोन भी बांटे। इस दौरान उन्होंने बैंक के शाखा प्रबंधकों के साथ बैठक की और सम्मनित ग्राहकों से भी मुलाकात की।

प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड में अभी बैंक का व्यवसाय छह हजार करोड़ रूपये है। इसे दो सालों में 15 हजार करोड़ से अधिक का व्यवसाय करने की योजना है। श्री श्रीवास्तव ने देशभर में बैंक के प्रदर्शन पर जिक्र करते हुए कहा कि अगले दो सालों में झारखंड समेत देशभर में 250 से अधिक शाखाएं खोलने की योजना है। नये आठ क्षेत्रीय कार्यालय भी खुलेगा। देश के हर जिले में बैंक की उपस्थिति होगी। देशभर में 3600 एटीएम एवं 12 हजार से अधिक बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट है, जो ग्राहकों को बैंकिंग सुविधा मुहैया करवा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बैंक डिजिटल और साबइर सुरक्षा पर भी फोकस कर रही है। साथ ही आइटी इंफ्रास्ट्रक्चर पर लगातार काम कर रही है। ग्राहकों के लिए ऑनलाइन लॉकर खोलने की भी सुविधा प्रदान कर रही है। ग्राहक देश में इंडियन ओवरसीज बैंक के किसी भी शाखा में लॉकर ऑनलाइन खोल सकते हैं। प्रेसवार्ता में बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख सुशांता कुमार भोई समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *