द जन सभा | निरंजन
नामकुम थाना क्षेत्र के केतारी बगान में बीते दिनों हुई 15 लाख रुपये की बड़ी चोरी का खुलासा करते हुए रांची पुलिस ने एक बड़े अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने छापेमारी कर गिरोह के मुख्य सरगना शेख अफरोज उर्फ पुटीलाल उर्फ अहमद राजा उर्फ साहिल 24 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पुटीलाल के पास से चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल होने वाला एक देसी पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस, एक कीमती घड़ी और चोरी के जेवर बेचकर कमाए गए 1 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने 6-7 साथियों के साथ मिलकर बंद घरों को निशाना बनाता था और चोरी का सोना-चांदी लोवाडीह स्थित ‘महारानी ज्वेलर्स’ के मालिक कृष्णा कुमार को औने-पौने दामों में बेच देता था। पुलिस ने मुख्य सरगना की निशानदेही पर त्वरित कार्रवाई करते हुए महारानी ज्वेलर्स से लगभग 212 ग्राम गलाया हुआ सोना और भारी मात्रा में 18 किलोग्राम चांदी बरामद की है। इसके साथ ही चोरी के जेवर खरीदने और उन्हें गलाकर नए गहने बनाने के आरोप में ज्वेलरी दुकान के 20 वर्षीय मालिक कृष्णा कुमार को भी विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है।

15 से अधिक वारदातों को अंजाम दे चुका है अपराधी, पुलिस टीम को मिली बड़ी सफलता
गिरफ्तार किया गया मुख्य आरोपी शेख अफरोज उर्फ पुटीलाल एक बेहद शातिर और अभ्यासिक अपराधी है, जिसके खिलाफ रांची के सदर, लोअर बाजार, नामकुम और रेल थाने में चोरी, लूट तथा आर्म्स एक्ट के 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पहले भी कई बार जेल जा चुका है। पुलिस ने बताया कि केतारी बगान निवासी दीपक कुमार उर्फ पिंटू के बंद घर का ताला तोड़कर इस गिरोह ने करीब 15 लाख के जेवर और नकदी उड़ाए थे, जिसे इन्होंने सुनार कृष्णा कुमार को महज छह लाख रुपये में बेच दिया था। इस बड़ी कामयाबी को हासिल करने वाली छापेमारी टीम का नेतृत्व वरीय पुलिस उपाधीक्षक प्रथम अमर कुमार पाण्डेय और नामकुम थाना प्रभारी रामनारायण सिंह कर रहे थे, जिसमें सब-इंस्पेक्टर शशि रंजन, जयदेव कुमार सराक, सोनू कुमार दास सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस अब गिरोह के फरार चल रहे अन्य सात सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है, साथ ही पकड़े गए सुनार कृष्णा कुमार के भी आपराधिक इतिहास की कुंडली खंगाली जा रही है
