द जन सभा | निरंजन
झारखंड मुक्ति मोर्चा ने आगामी चुनावी शंखनाद से पहले जमीनी स्तर पर अपनी ताकत झोंकनी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में आज झुमरी तिलैया के विराज होटल में पार्टी की एक दिवसीय बूथ स्तरीय एवं BLA-2 बैठक का आयोजन किया गया, जो पूरी तरह से मिशन मोड में नजर आई। जिला अध्यक्ष बिरेंद्र पांडेय की अध्यक्षता और सचिव पवन माइकल कुजूर के संचालन में हुई इस बैठक में पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में गरजे। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं में नया जोश फूंकते हुए साफ अल्टीमेटम दिया कि मतदाता सूची के प्रति रत्ती भर भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नेताओं ने दोटूक कहा कि क्षेत्र के एक-एक जागरूक और पात्र पुरुष व महिला मतदाता का नाम सूची में शामिल होना चाहिए, किसी भी परिस्थिति में किसी का नाम छूटना या कटना नहीं चाहिए।
केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने संगठन के पदाधिकारियों को कड़े तेवर दिखाते हुए निर्देशित किया कि बूथ स्तर पर रीढ़ की हड्डी की तरह काम कर रहे कार्यकर्ताओं और BLA-2 सदस्यों की समस्याओं को ठंडे बस्ते में न डाला जाए, बल्कि उनका ऑन-द-स्पॉट त्वरित समाधान किया जाए। राज्य की हेमंत सरकार की उपलब्धियों की हुंकार भरते हुए उन्होंने कहा कि मंईया सम्मान योजना ने जहाँ राज्य की आधी आबादी को आर्थिक रूप से सशक्त कर विपक्ष के हर दावों को ध्वस्त कर दिया है, वहीं सर्वजन पेंशन योजना से वृद्धों और दिव्यांगों को असली सामाजिक सुरक्षा मिली है।

