द जन सभा | डेस्क

रांची जिले में शिक्षा के अधिकार अधिनियम RTE के तहत निजी स्कूलों में निःशुल्क नामांकन के लिए दूसरे चरण की ऑनलाइन लॉटरी प्रक्रिया बुधवार को पूरी कर ली गई। समाहरणालय स्थित NIC सभागार में उप विकास आयुक्त संजय कुमार भगत की अध्यक्षता में हुई इस प्रक्रिया में 35 निजी स्कूलों के लिए 89 बच्चों का चयन किया गया। जिला प्रशासन के मुताबिक, दूसरे चरण में नामांकन के लिए कुल 224 आवेदन मिले थे। जांच और सत्यापन के बाद सभी आवेदनों को लॉटरी के लिए योग्य पाया गया। जिले के 39 मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में 183 सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया शुरू की गई थी, जिसमें ऑनलाइन लॉटरी से 35 स्कूलों में 89 बच्चों का चयन हुआ।
चयनित बच्चों को संबंधित स्कूलों में बिना किसी शुल्क के दाखिला मिलेगा। उन्हें कक्षा आठवीं तक की शिक्षा भी निःशुल्क दी जाएगी। प्रशासन ने सभी संबंधित स्कूलों को एक सप्ताह के भीतर नामांकन की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है। RTE के तहत रांची में अब तक दो चरणों में कुल 722 सीटों पर नामांकन सुनिश्चित किया जा चुका है। जिला प्रशासन का कहना है कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से कराई गई है, ताकि कमजोर और वंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षा का अधिकार प्रभावी रूप से मिल सके।
