Hazaribagh News: हजारीबाग में पुलिस का गांधीगीरी, बिना हेलमेट पकड़े गए 28 लोग, तो कराया यह काम, बीच सड़क पर खिलाई कसम!

अपराध जन सभा विशेष रोजगार विशेष
Share Now

द जन सभा | हजारीबाग

सड़कों पर सुरक्षित सफर और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए हजारीबाग पुलिस ने एक अनोखी पहल शुरू की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार सोमवार को शहर के पुराना समाहरणालय गेट के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने बिना हेलमेट के पकड़े गए वाहन चालकों का चालान काटने के बजाय उन्हें रोककर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया और चेतावनी देकर छोड़ दिया। इसके साथ ही शहर में नो-पार्किंग को लेकर भी एक बड़ा जागरूकता अभियान चलाया गया।

​28 चालकों से भरवाया शपथ पत्र, दी जिम्मेदारी

इस विशेष अभियान का नेतृत्व जिला पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर ने किया। टीम में यातायात थाना प्रभारी सहित 5 पुलिस पदाधिकारी और 10 गृह रक्षक के जवान शामिल थे। पुराना समाहरणालय के पास जब चेकिंग शुरू हुई, तो बिना हेलमेट के कुल 28 बाइक चालक पकड़े गए। डीएसपी सीसीआर के निर्देश पर पुलिस ने इन सभी चालकों से एक बांड भरवाया, जिसमें उन्होंने भविष्य में हमेशा हेलमेट पहनने का संकल्प लिया। पुलिस ने उन्हें न सिर्फ खुद सुधरने बल्कि समाज के अन्य लोगों को भी हेलमेट पहनने के लिए जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपकर छोड़ दिया।

​माइक लेकर सड़क पर उतरे अधिकारी, दी ‘नो-पार्किंग’ की चेतावनी

वाहन चेकिंग के बाद पुलिस की टीम ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए दूसरा मोर्चा संभाला। डीएसपी सीसीआर और यातायात थाना प्रभारी खुद हाथ में माइक थामकर सड़कों पर उतरे। टीम ने बारी-बारी से स्थान बदलते हुए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों जैसे इंद्रपुरी चौक, पानी टंकी, पैगोडा चौक, खाजा चौक, छोटी ग्वालटोली, सांसद महोदय मोड़, सुंदरी मार्केट, झंडा चौक और पंच मंदिर चौक तक मेन रोड के मुख्य मार्गों पर लाउडस्पीकर से एनाउंसमेंट किया।

​व्हाइट लाइन के अंदर ही पार्क करें वाहन: पुलिस

माइक से घोषणा करते हुए पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों और आम जनता को सख्त लहजे में हिदायत दी कि वे सड़कों पर जाम का कारण न बनें। मेन रोड के मुख्य मार्गों पर खड़े वाहनों को नो-पार्किंग क्षेत्र से हटाने को कहा गया और विशेष तौर पर यह निर्देश दिया गया कि सभी प्रकार के वाहन सड़कों पर खींची गई सफेद पट्टी के अंदर ही पार्क होने चाहिए। पुलिस ने साफ किया कि फिलहाल यह जागरूकता अभियान है, लेकिन नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे कड़ी कानूनी कार्रवाई और जुर्माना लगाया जाएगा।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *