Ranchi News: सामलौंग गोलीकांड का कुख्यात आरोपी गिरफ्तार, मुख्य सरगना खालिद अब भी फरार

रांची
Share Now

द जन सभा  |  निरंजन

राजधानी के नामकुम थाना क्षेत्र अंतर्गत सामलौंग स्थित मौलाना आजाद कॉलोनी के पास हुए सनसनीखेज गोलीकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामले की त्वरित कार्रवाई करते हुए नामकुम पुलिस ने घटना में शामिल दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मौलाना आजाद कॉलोनी निवासी मोहम्मद टीपू उर्फ सद्दाम और मोहम्मद इरशाद आलम उर्फ बौना के रूप में की गई है। हालांकि, इस पूरे वारदात का मुख्य आरोपी खालिद पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस का दावा है कि खालिद के ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और उसे भी जल्द ही दबोच लिया जाएगा। वारदात में शामिल अन्य सह-आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

दुकान पर चाय पीने के दौरान मारी थी गोली

गौरतलब है कि यह पूरी वारदात बीते बुधवार की रात अराफत अपार्टमेंट के समीप घटित हुई थी। पुलिस के अनुसार, पीड़ित शमशेर आलम अपने साथी अरमान के साथ एक जनरल स्टोर के पास खड़ा होकर चाय पी रहा था। इसी दौरान आरोपी घात लगाकर वहां पहुंचे और दोनों को जबरन किनारे ले गए। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, अपराधियों ने शमशेर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली शमशेर के चेहरे पर लगी, जिससे वह लूलहान होकर वहीं गिर पड़ा। गंभीर रूप से घायल शमशेर का फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है, वहीं पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट्स के जरिए बाकी अपराधियों के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *