द जन सभा | निरंजन भारती
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में जिला स्तरीय एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिले के भीतर संचालित विभिन्न बड़ी विकास परियोजनाओं, भू-अर्जन (जमीन अधिग्रहण) के कार्यों सहित निर्माणाधीन फ्लाईओवर और रेलवे प्रोजेक्ट्स की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न कार्यकारी एजेंसियों और संबंधित विभागों के आला अधिकारियों ने हिस्सा लिया और अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट पेश की।

तय समय-सीमा में काम पूरा करना सर्वोच्च प्राथमिकता
बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने साफ शब्दों में कहा कि जिले में चल रही सभी आधारभूत संरचना और विकास परियोजनाओं को तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों को आपसी तालमेल और समन्वय स्थापित कर काम करने का निर्देश दिया, ताकि परियोजनाओं के रास्ते में आ रही किसी भी तरह की तकनीकी या प्रशासनिक बाधा को तुरंत दूर किया जा सके।
मुआवजा भुगतान में लाएं तेजी, NHAI प्रोजेक्ट्स की समीक्षा
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने नारो-टिकराटोली क्षेत्र में चल रहे कार्यों के तहत शेष बचे रैयतों (जमीन मालिकों) को मुआवजा राशि का भुगतान जल्द से जल्द करने का निर्देश दिया, ताकि निर्माण कार्य बिना किसी रुकावट के आगे बढ़ सके। इसके साथ ही कोयलारी-रामपुर इंटरचेंज परियोजना की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के लिए लगभग ‘थ्री जी अवार्ड’ की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इस पर उपायुक्त ने मुआवजा वितरण के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।

रेलवे परियोजनाओं में लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही
बैठक में रेलवे से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट्स की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। उपायुक्त ने लिंक लाइन लोधमा परियोजना और इलू-सिल्ली रेलवे परियोजना के तहत प्रभावित जमीन मालिकों को मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने की हिदायत दी। उन्होंने कड़े लहजे में चेतावनी दी कि यदि विकास कार्यों या मुआवजा वितरण में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही पाई गई, तो संबंधित अधिकारी और कर्मचारी की जवाबदेही तय करते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फ्लाईओवर निर्माण में गुणवत्ता से समझौता नहीं…
सड़क निर्माण विभाग की योजनाओं पर चर्चा करते हुए उपायुक्त ने राजधानी के कांटाटोली-सिरमटोली फ्लाईओवर सहित अन्य महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि इन सभी फ्लाईओवर और सड़कों का निर्माण कार्य तय समय के भीतर और पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और इसके लिए अधिकारियों को नियमित रूप से साइट की मॉनिटरिंग (निगरानी) सुनिश्चित करने को कहा गया है।
संवेदनशीलता के साथ रैयतों को दें मुआवजा

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रैयतों को दी जाने वाली मुआवजा राशि का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुआवजा देने में बेवजह की देरी से न सिर्फ आम जनता परेशान होती है, बल्कि विकास परियोजनाओं की रफ्तार भी धीमी पड़ जाती है। इसलिए सभी संबंधित पदाधिकारी पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और तत्परता के साथ मुआवजा वितरण कार्य को संपन्न कराएं।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
इस उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्य रूप से अपर समाहर्ता रांची रामनारायण सिंह, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी केके राजहंस, एनएचएआई रांची एवं गुमला के परियोजना निदेशक, पथ निर्माण विभाग (शहरी एवं ग्रामीण) के कार्यपालक अभियंता, बेड़ो एवं ओरमांझी के अतिरिक्त जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सहित अन्य विभागों के वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
