द जन सभा | निरंजन भारती
राजकीयकृत +2 उच्च विद्यालय, सेमरटोली कांके में बुधवार को स्कूली बच्चों को नशीले पदार्थों के सेवन और अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ जागरूक किया गया। झारखंड सरकार द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में वरीय पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय प्रथम और कांके थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को संबोधित किया।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को मादक पदार्थों के सेवन से शरीर और भविष्य पर पड़ने वाले गंभीर दुष्प्रभावों की जानकारी दी और इससे जुड़े कानूनी व दंडनीय प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया। इस संबंध में वरीय पुलिस उपाधीक्षक ने अपने बयान में कहा कि स्कूली बच्चों को नशे की लत से बचाना और उन्हें कानून के प्रति जागरूक करना पुलिस की प्राथमिकता है क्योंकि नशा न सिर्फ एक जीवन को बर्बाद करता है, बल्कि पूरे समाज को खोखला कर देता है।
उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे देश का भविष्य हैं और यदि वे जागरूक रहेंगे, तो सरकार के इस नशामुक्त झारखंड अभियान को बड़ी सफलता मिलेगी।

इसी क्रम में विद्यार्थियों को यातायात नियमों के बारे में बताते हुए सड़क पर सुरक्षित आवागमन के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस पदाधिकारियों ने सरकार की नई नीति की चर्चा करते हुए बताया कि अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और भंडारण की सूचना देने वालों के लिए सरकार ने पुरस्कार राशि की घोषणा की है, जिसके लिए बच्चों को मानस पोर्टल और टोल फ्री नंबर 1933 की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान इंस्पेक्टर कुणाल कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि युवा पीढ़ी को सुरक्षित माहौल देना पुलिस की जिम्मेदारी है और नशे से दूर रहने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों का पालन करना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने छात्रों से अपने घरों और आसपास के लोगों को यातायात नियमों व नशामुक्ति के प्रति प्रेरित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी छात्र-छात्राओं को जीवन में कभी नशा न करने और दूसरों को भी इसके खिलाफ जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में कांके थाना के पुलिस अधिकारी अरविंद कुमार, प्रवीण रजक, रौशन सिंह, प्रधानाध्यापक सहित स्कूल के शिक्षक, छात्र और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

