Pradeep Mishra katha in Kanke Ranchi: शिव महापुराण कथा के बीच रांची पुलिस के कार्यशैली ने जीता दिल, इंस्पेक्टर कुणाल की टीम ने पेश की मिसाल

अभी अभी जन सभा विशेष झारखंड धर्म अध्यात्म
Share Now

The Jan Sabha संवाददाता रांची, कांके: राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र अंतर्गत सुकुरहुटू गौशाला फुटबॉल मैदान इन दिनों शिव भक्ति के अनूठे संगम का गवाह बन रहा है। शिवालय सेवा के तत्वावधान में आयोजित शिव महापुराण कथा ने पूरे क्षेत्र को शिवमय कर दिया है।

विख्यात कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा सीहोर वाले के मुखारविंद से बह रही ज्ञान की गंगा का श्रवण करने के लिए आस्था का ऐसा जनसैलाब उमड़ा है कि चारों ओर सिर्फ श्री शिवाय नमस्तुभयम का जयघोष गूंज रहा है। आंकड़ों की मानें तो विभिन्न माध्यमों से प्रतिदिन लगभग दो लाख श्रद्धालु इस महापर्व में सम्मिलित हो रहे हैं।

आमतौर पर इतने बड़े धार्मिक आयोजनों में ट्रैफिक जाम और अव्यवस्था एक बड़ी समस्या बन जाती है। सुकुरहुटू गौशाला मैदान रांची-पतरातु जैसे व्यस्त मुख्य मार्ग के बिल्कुल करीब है, जहाँ राहगीरों को भारी परेशानी की आशंका थी। लेकिन कांके थाना के इंस्पेक्टर कुणाल कुमार के नेतृत्व वाली टीम की सूझबूझ और मुस्तैदी ने लोगों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया है। लाखों की भीड़ के बावजूद सड़कों पर कहीं जाम का नामोनिशान नहीं है।

कथा स्थल रांची-पतरातु मुख्य मार्ग के ठीक बगल में स्थित है, जो सामान्य दिनों में भी काफी व्यस्त रहता है। इसके बावजूद, पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी का आलम यह है कि यातायात सुचारू रूप से चल रहा है। इंस्पेक्टर कुणाल कुमार ने बताया कि क्षेत्र में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर धार्मिक आयोजन हो रहा है, जो अपने आप में ऐतिहासिक है।

इंस्पेक्टर कुणाल कुमार खुद मोर्चे पर डटे हुए हैं। उनकी टीम और जवानों ने न केवल सुरक्षा, बल्कि सेवा की भी अनूठी मिसाल पेश की है। चप्पे-चप्पे पर ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस के जवान तैनात हैं, जो यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि कथा सुनने आ रहे श्रद्धालुओं और राहगीरों को एक मिनट के लिए भी रुकना न पड़े। इंस्पेक्टर कुणाल कुमार ने बताया, यह आयोजन हमारे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक है। हमारी जिम्मेदारी सिर्फ सुरक्षा नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि शिवभक्तों और आम जनता को किसी तरह की असुविधा न हो। पुलिस टीम और स्थानीय नौजवानों का तालमेल ही इस सफलता का राज है।

सड़क से लेकर कथा पांडाल तक सुरक्षा व्यवस्था अभेद्य है। हर चौक-चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस के साथ स्थानीय थाना की पुलिस तैनात है। खास बात यह है कि इस व्यवस्था में स्थानीय ग्रामवासियों और नौजवानों का भी सराहनीय सहयोग मिल रहा है। पुलिस और जनता के बीच का यह तालमेल ही है कि लाखों की भीड़ के बीच भी व्यवस्था का अनुशासन बना हुआ है।

श्रद्धालुओं का कहना है कि पुलिस प्रशासन की सक्रियता के कारण ही वे बिना किसी व्यवधान के भक्ति का आनंद ले पा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने भी इंस्पेक्टर कुणाल और उनकी टीम की मुक्त कंठ से प्रशंसा की है, जिन्होंने इस आस्था के कुंभ को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए दिन-रात एक कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *