द जन सभा | निरंजन भारती
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चतरा सांसद कालीचरण सिंह और सिमरिया विधायक उज्जवल दास ने मंगलवार को टंडवा प्रखंड के सेरनदाग सहित विभिन्न क्षेत्रों का एक दिवसीय दौरा किया। इस दौरान आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में सांसद कालीचरण सिंह ने बैंक ऑफ इंडिया के जागरूकता शिविर के माध्यम से वज्रपात से मृत विलासो देवी के परिजनों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना व जीवन ज्योति योजना के तहत दो-दो लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि केंद्र की योजनाएं गरीबों के लिए सुरक्षा कवच हैं और पीएम मोदी का यह कार्यकाल देश के नवनिर्माण, अंत्योदय और वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने वाला रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
दौरे के दौरान स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने दोनों जनप्रतिनिधियों का गर्मजोशी से स्वागत किया, जिसके बाद आयोजित सम्मान समारोह में वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सिमरिया विधायक उज्जवल दास ने कहा कि भाजपा सरकार जनसेवा और विकास के संकल्प के साथ काम कर रही है और सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।
राजनीतिक कार्यक्रमों के बाद सांसद कालीचरण सिंह ने वृंदा निवासी रामदेव ठाकुर के सुपुत्र के विवाह समारोह में शामिल होकर वर-वधू को आशीर्वाद दिया, साथ ही कढ़मदेरी निवासी भाजपा नेता रामेश राणा की पत्नी के ब्रह्मभोज कार्यक्रम में पहुंचकर शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। इस मौके पर बैंक ऑफ इंडिया के ब्रांच मैनेजर प्रनीत कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव सिंह भोक्ता सहित भारी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व ग्रामीण मौजूद थे।
