JHARKHAND: जमशेदपुर SSP और सरायकेला SP तत्काल प्रभाव से हटाए गए

अभी अभी जन सभा विशेष झारखंड
Share Now

द जन सभा | निरंजन भारती

अपराध नियंत्रण में लापरवाही पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का सख्त रुख, चाईबासा आयुक्त और रांची एडीजी को क्षेत्र में कैंप करने के निर्देश

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक और सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक को उनके पदों से तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस निर्णय की घोषणा करते हुए साफ किया कि दोनों वरिष्ठ अधिकारियों को विधि-व्यवस्था बनाए रखने में विफलता और कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने के कारण हटाया गया है। इन दोनों अधिकारियों को फिलहाल पुलिस मुख्यालय, रांची से संबद्ध कर दिया गया है।

JHARKHAND: जमशेदपुर SSP और सरायकेला SP तत्काल प्रभाव से हटाए गए

इस बड़ी कार्रवाई के साथ ही क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बहाल करने के लिए मुख्यमंत्री ने आला अधिकारियों को कमान सौंप दी है। मुख्यमंत्री सोरेन के निर्देशानुसार, चाईबासा के आयुक्त और रांची के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार कैंप करने और स्थिति की रोजाना समीक्षा करने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अतिरिक्त, पुलिस उपमहानिरीक्षक खुद जमशेदपुर में रहकर कानून-व्यवस्था की पल-पल की निगरानी करेंगे।

मुख्यमंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराधियों के खिलाफ बेहद कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर पुलिस प्रशासन में लापरवाही या जवाबदेही से बचने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *