रांची: भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को देशभर में प्रदेश प्रभारियों और सह प्रभारियों की नई नियुक्तियां की। इस संगठनात्मक फेरबदल में झारखंड के दो नेताओं को अहम जिम्मेदारी मिली है। राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप वर्मा और राजमहल के पूर्व विधायक अनंत ओझा को उत्तर प्रदेश का सह प्रभारी बनाया गया है। उत्तर प्रदेश के प्रभारी विनोद तावड़े होंगे।
वहीं, गजेंद्र पटेल को झारखंड भाजपा का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनके साथ सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह को सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी की नई सूची में 28 राज्यों और आठ केंद्रशासित प्रदेशों के लिए प्रभारी और सह प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।
प्रदीप वर्मा और अनंत ओझा को यूपी की जिम्मेदारी
झारखंड से राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा को उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं पूर्व विधायक अनंत ओझा भी यूपी के सह प्रभारी बनाए गए हैं। दोनों नेताओं की नियुक्ति आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। यूपी में विनोद तावड़े के साथ जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, प्रदीप वर्मा और अनंत ओझा सह प्रभारी के तौर पर काम करेंगे।
प्रदीप वर्मा को इससे पहले भाजपा का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया था। अब उन्हें यूपी की संगठनात्मक जिम्मेदारी मिलने से पार्टी में उनकी भूमिका और बढ़ी है। वहीं अनंत ओझा को भी संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर काम करने का अवसर दिया है।
गजेंद्र पटेल के हाथों झारखंड की कमान
मध्य प्रदेश के खरगोन से सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव गजेंद्र पटेल को झारखंड का प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ छत्तीसगढ़ के पूर्व विधायक सौरभ सिंह और बिहार की एमएलसी निवेदिता सिंह सह प्रभारी के रूप में काम करेंगी।
भाजपा के नए संगठनात्मक बदलाव में झारखंड को लेकर भी पार्टी ने नई टीम बनाई है। आने वाले समय में नई प्रभारी टीम के सामने प्रदेश संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय और पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी।
