JMM News: महंगाई के खिलाफ सड़कों पर उतरा झामुमो, केंद्र सरकार को चेताया कहा महंगाई कम नहीं हुआ तो होगा उग्र आंदोलन

अभी अभी राजनीति
Share Now

The Jan Sabha संवाददाता रांची: केंद्र सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों और आसमान छूती महंगाई के खिलाफ गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने रांची में जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। झामुमो की रांची जिला और महानगर इकाई के बैनर तले सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय के समक्ष विशाल धरना दिया। इस दौरान पार्टी के नेताओं ने गैस सिलेंडरों की बढ़ती कीमतों और बेरोजगारी को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।

पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि एक तरफ संसद में बंपर स्टॉक का दावा किया जाता है, वहीं दूसरी तरफ आम जनता की पहुंच से रसोई गैस बाहर हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि गैस और पेट्रोल-डीजल के दाम तत्काल कम नहीं किए गए, तो यह विरोध प्रदर्शन आने वाले दिनों में एक बड़े चरणबद्ध आंदोलन का रूप लेगा।


धरना प्रदर्शन की अध्यक्षता कर रहे जिला संयोजक मुस्ताक आलम ने कहा कि बेलगाम महंगाई ने गरीब, मध्यम वर्ग और छोटे व्यवसायियों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि घरेलू और कमर्शियल गैस की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि से ठेला-खोमचा चलाने वालों, ढाबा संचालकों और मध्यमवर्गीय परिवारों का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है।

अच्छे दिन’ का वादा करने वाली सरकार आज जनता की पीड़ा के प्रति संवेदनहीन बनी हुई है। इस विरोध प्रदर्शन में पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों सहित रांची के विभिन्न प्रखंडों के अध्यक्ष और भारी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने साफ कर दिया कि जब तक न्यायपूर्ण मूल्य कटौती नहीं होती, झामुमो का ‘हल्ला बोल’ सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *