रांची: रांची विश्वविद्यालय परिसर स्थित सुभाष चौक के निकट रोटरी क्लब ऑफ रांची द्वारा निर्मित स्थायी पेयजल केंद्र “जल मंदिर” का उद्घाटन रांची विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) सरोज शर्मा के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ।
अपने संबोधन में कुलपति प्रो. (डॉ.) सरोज शर्मा ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने रोटरी क्लब ऑफ रांची के अध्यक्ष अमित अग्रवाल एवं पेयजल के दानदाता रमेश धरणीधारका एवं क्लब के सभी सदस्यों को इस उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए बधाई दी।
रोटरी क्लब ऑफ रांची के निदेशक एवं पेयजल के दान दाता रोटेरियन रमेश धरणीधारका ने बताया कि यह जल मंदिर अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त है। इसके लिए 450 फीट गहरा समर्पित बोरवेल कराया गया है। जल आपूर्ति हेतु सोलर पैनल प्रणाली एवं सबमर्सिबल पंप लगाया गया है। साथ ही शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के लिए वाटर प्यूरिफायर तथा वाटर कूलर की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि इस जल मंदिर की विशेषता यह है कि इसमें स्वचालित जल भराव प्रणाली स्थापित की गई है, जिससे इसके संचालन के लिए प्रतिदिन किसी अतिरिक्त मानव संसाधन की आवश्यकता नहीं होगी। यह सुविधा विश्वविद्यालय परिसर के अंदर विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ बाहर से आने वाले आम नागरिकों को भी समान रूप से लाभान्वित करेगी। इस जनोपयोगी परियोजना का संपूर्ण रखरखाव भी रोटरी क्लब की ओर से किया जाएगा।
कार्यक्रम में रांची यूनिवर्सिटी के प्रो डॉ पीके झा, कुलसचिव जीसी साहू, स्मृति सिंह, रोटरी क्लब ऑफ रांची के अध्यक्ष अमित अग्रवाल, सदस्य सुरेश साबू, शशि धरणीधारका, शशांक धरणीधारका, डॉ विनय ढनढनिया, हितेश भगत, मनीष रामसिसरिया, प्रकाश सरावगी, रश्मि अग्रवाल, मुदित धरणीधारका सहित अन्य पदाधिकारीगण, सदस्यगण, विश्वविद्यालय के अधिकारी, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
