रांची: भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने झारखंड में आधार धारकों की सुविधा बढ़ाने के लिए आधार सेवा इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार की घोषणा की है। UIDAI क्षेत्रीय कार्यालय, रांची के उप महानिदेशक अखिलेश कुमार गुप्ता ने बताया कि वर्तमान में रांची, धनबाद, जमशेदपुर, बोकारो, देवघर और गिरिडीह सहित छह जिलों में UIDAI संचालित आधार सेवा केंद्र (ASK) कार्यरत हैं।
उन्होंने बताया कि आधार सेवाओं की बढ़ती मांग को देखते हुए हजारीबाग, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, गढ़वा, पलामू, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में आठ नए आधार सेवा केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों के जल्द शुरू होने से लोगों को आधार नामांकन और अपडेट संबंधी सेवाएं अपने नजदीक ही उपलब्ध हो सकेंगी।
UIDAI के अनुसार, राज्य सरकार द्वारा संचालित अधिकृत आधार केंद्र सभी प्रखंडों में मौजूद हैं। इसके अलावा चयनित डाकघरों, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से भी आधार सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वर्तमान में झारखंड में 1,000 से अधिक आधार केंद्र संचालित हैं।
UIDAI ने बताया कि सरकारी योजनाओं के लाभ वितरण और स्कूलों में APAAR ID निर्माण के कारण आधार नामांकन एवं अपडेट सेवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है। नागरिक अपने नजदीकी आधार केंद्र की जानकारी प्राप्त करने तथा अपॉइंटमेंट बुक करने के बाद किसी भी अधिकृत केंद्र पर सेवाओं का लाभ ले सकते हैं।
प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि आधार से जुड़ी सेवाएं केवल अधिकृत केंद्रों से ही प्राप्त करें। किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए UIDAI की हेल्पलाइन 1947 पर संपर्क किया जा सकता है।
#UIDAI #Aadhaar #AadhaarCard #Jharkhand #Ranchi #DigitalIndia #AadhaarServices #AadhaarUpdate #AadhaarEnrollment #IndiaGovt #PublicService #CitizenServices #APAARID #JharkhandNews #RanchiNews #GovernmentSchemes #DigitalGovernance #IndiaNews #PIB #uidairanchi
