द जन सभा | निरंजन भारती
राजधानी की पुंदाग ओपी पुलिस ने तीन राज्यों में आतंक का पर्याय बने राठौड़ नाम से कुख्यात एक बेहद शातिर अंतरराज्यीय चोर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पकड़ा गया आरोपी संतोष कुमार राठौड़, मूल रूप से उड़ीसा के सुंदरगढ़ जिले का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, यह शातिर अपराधी पूर्व में झारखंड, छत्तीसगढ़ और उड़ीसा के कई जिलों की जेलों में बंद रह चुका है। आरोपी इस बार रांची के पॉश इलाकों के बड़े और आलीशान मकानों को निशाना बनाने की एक बड़ी साजिश के साथ यहां आया था, लेकिन अपनी पहली ही वारदात को अंजाम देने के बाद वह रांची पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने आरोपी के पास से भारी मात्रा में चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली एक अपाचे मोटरसाइकिल और लोहे की रॉड बरामद की है।

इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि बीते 6-7 जून की रात पुंदाग ओपी क्षेत्र के लाजपत नगर मंदिर के पास एक बंद घर का ताला तोड़कर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था, जिसके संबंध में गृहस्वामी रिन्दू सिंह की शिकायत पर जगन्नाथपुर थाने में मामला दर्ज किया गया था। कांड की गंभीरता को देखते हुए हटिया पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने जब घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो एक महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगा। फुटेज से पता चला कि एक मोटे कद-काठी का अपराधी देर रात करीब 2 से 4 बजे के बीच काले रंग के कपड़े और काला हेलमेट पहनकर नीले रंग की अपाचि बाइक से रेकी करता है और मौका पाते ही लोहे की रॉड से ताला तोड़कर वारदात को अंजाम देता है।

इसी तकनीकी इनपुट के आधार पर पुंदाग ओपी प्रभारी संजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 9-10 जून की रात कटहल मोड़ से अरगोड़ा जाने वाली सड़क पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। रात के करीब ढाई बजे जब पुलिस टीम मुस्तैद थी, तभी पुलिस को एक संदिग्ध अपाचे मोटरसाइकिल सवार आता दिखाई दिया, जो काले कपड़े और काला हेलमेट पहने हुए था। पुलिस को सामने देख आरोपी सकपका गया और गाड़ी मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। इसी बीच वहां पहले से अंधेरे में मुस्तैद एक सिपाही ने शोर मचाया, जिसके बाद अधिकारियों और जवानों ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। जब पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने लाजपत नगर में हुई चोरी समेत बगोदरी बाजार हजारीबाग में की गई एक अन्य चोरी में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने आनंद नगर स्थित उसके किराए के कमरे पर छापेमारी की, जहां से भारी मात्रा में चोरी के आभूषण बरामद किए गए। बरामद सामानों में करीब 90 ग्राम सोने के जेवरात जिसमें सोने का मंगलसूत्र, ब्रेसलेट, चेन, मांगटीका, अंगूठी और नोज पिन शामिल हैं, करीब 450 ग्राम चांदी की पायल व अन्य सामग्रियां और 5,770 रुपये नगद शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी संतोष कुमार राठौड़ का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ अरगोड़ा, चरही और पुंदाग थाने में कई मामले दर्ज हैं। इसके अलावा वह अब तक 8 बार राउरकेला जेल, 2 बार रायपुर जेल, 2 बार होटवार जेल और 1 बार चतरा जेल की हवा खा चुका है। इस सराहनीय कार्रवाई में हटिया डीएसपी बीजू उरांव, जगन्नाथपुर थाना प्रभारी नितिन कुमार सिंह और पुंदाग ओपी की टीम शामिल थी।
