NTPC KEREDARI NEWS: केरेडारी के कस्तूरबा स्कूल में स्वास्थ्य शिविर, 105 लोगों की हुई मुफ्त जांच

अभी अभी जन सभा विशेष
Share Now

The Jan Sabha संवाददाता, केरेडारी:  एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड (एनएमएल) की चट्टी बरियातु कोयला खनन परियोजना ने सामाजिक सरोकार की दिशा में एक और सराहनीय कदम उठाया है। कंपनी की ओर से सामुदायिक विकास पहल (CSR) के तहत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, केरेडारी में एक विशेष चिकित्सा शिविर लगाया गया। इस शिविर में न सिर्फ छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, बल्कि उन्हें सेहतमंद रहने के तरीके भी बताए गए।

शिविर का मुख्य जोर इस बात पर रहा कि ग्रामीण और स्कूली स्तर पर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके। जांच के दौरान स्कूल की छात्राओं और वहां कार्यरत कर्मचारियों को मुफ्त चिकित्सा परामर्श दिया गया। डॉक्टरों ने बारी-बारी से सबकी जांच की और जरूरत के हिसाब से मरीजों को मुफ्त दवाइयां भी बांटीं। कंपनी की इस पहल से कुल 105 लोग सीधे तौर पर लाभान्वित हुए।

एनटीपीसी प्रबंधन का कहना है कि यह आयोजन उनकी उस प्रतिबद्धता का हिस्सा है, जिसके तहत वे परियोजना के आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों की भलाई के लिए काम करते हैं। कंपनी का लक्ष्य है कि सुदूर क्षेत्रों में भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जा सकें, ताकि स्थानीय समुदाय को छोटी-छोटी दिक्कतों के लिए दूर न भागना पड़े।

वहीं, विद्यालय प्रबंधन ने एनटीपीसी के इस प्रयास की जमकर तारीफ की है। स्कूल की ओर से कहा गया कि छात्राओं के लिए इस तरह के स्वास्थ्य शिविर बहुत जरूरी हैं, क्योंकि इससे उन्हें अपनी सेहत की सही जानकारी मिलती है। प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी जनहित से जुड़े ऐसे कार्यक्रम जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *