
The Jan Sabha संवाददाता, रांची: बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडरों की आसमान छूती कीमतों के खिलाफ आज झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) राजधानी की सड़कों पर उतरकर केंद्र सरकार के विरुद्ध प्रदर्शन करेगा। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर गुरुवार को रांची जिला मुख्यालय (कचहरी) स्थित सुभाष चंद्र बोस पार्क के समक्ष एक विशाल धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया जा रहा है। झामुमो का आरोप है कि केंद्र की नीतियां गरीब विरोधी हैं और जनता की जेब पर सरेआम डकैती डाल रही हैं।
पार्टी के जिला संयोजक प्रमुख मुस्ताक आलम ने कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में 993 रुपयों की भारी बढ़ोतरी कर केंद्र ने छोटे दुकानदारों, ढाबा संचालकों और मध्यम वर्ग के व्यापारियों की कमर तोड़ दी है। वहीं, छोटे सिलेंडरों में 261 रूपये की वृद्धि सीधे तौर पर उन दिहाड़ी मजदूरों और गरीबों पर हमला है, जो रोज कमाते और खाते हैं। झामुमो आज इस अन्यायपूर्ण मूल्य वृद्धि को वापस लेने की मांग को लेकर हुंकार भरेगा।

गुरुवार सुबह 11:30 बजे से शुरू होने वाले इस प्रदर्शन में झामुमो की ताकत देखने को मिलेगी। इस विरोध प्रदर्शन में रांची जिला और महानगर समिति के सभी केंद्रीय पदाधिकारी, जिला संयोजक मंडली, प्रखंड और वार्ड समितियों के पदाधिकारी समेत हजारों की संख्या में कार्यकर्ता जुटेंगे। पार्टी ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक केंद्र सरकार अपनी जनविरोधी नीतियों को वापस नहीं लेती, तब तक सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रहेगा।
झामुमो नेताओं ने तीखे लहजे में कहा कि गरीबों की थाली से रोटी और चूल्हे से आग छीनने वाली सरकार को अब सत्ता के अहंकार में चूर रहना भारी पड़ेगा।
