द जन सभा, हजारीबाग संवाददाता, आशीष साव
हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल का जनसंपर्क अभियान लगातार जारी है। सोमवार को उन्होंने सदर विधानसभा क्षेत्र के कटकमसांडी प्रखंड की पांच पंचायतों बरगड्डा, कटकमसांडी चट्टी, डांटो खुर्द, आरभुसाई और रेबर, का तूफानी दौरा किया। सुबह से लेकर देर रात तक चले इस सघन दौरे के दौरान सांसद ने आधा दर्जन से अधिक गांवों का भ्रमण कर जनता के सुख-दुख में भागीदारी निभाई। इस दौरान उन्होंने जहां कई विकास योजनाओं की आधारशिला रखी, वहीं स्थानीय लोगों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और त्वरित समाधान का भरोसा दिया।

दौरे की शुरुआत में सांसद ने पंचायत बरगड्डा के ग्राम सारुगारु खुर्द में सांसद मद से लगभग ₹5 लाख की लागत से बनने वाले पीसीसी पथ निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इसके बाद वे कटकमसांडी चट्टी पहुंचे, जहां उन्होंने निर्माणाधीन महावीर मंदिर की भूमि से जुड़े अतिक्रमण विवाद पर ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं के साथ गंभीर चर्चा की। सांसद ने इस मामले में अंचल अधिकारी से बात कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया और कहा कि जरूरत पड़ने पर आंदोलनात्मक कदम भी उठाए जाएंगे। साथ ही उन्होंने मंदिर निर्माण पूरा होने पर अपनी ओर से मूर्ति और टाइल्स उपलब्ध कराने की घोषणा भी की।
अपने दौरे के उत्तरार्ध में सांसद मनीष जायसवाल डांटो खुर्द के ग्राम कठोतिया में भाजपा कार्यकर्ता सुभाष यादव के भाई के विवाह समारोह में शामिल होकर नवदंपत्ति को आशीर्वाद दिया। इसके बाद उन्होंने आरभुसाई में दिवंगत रूपलाल दांगी के श्राद्ध कार्यक्रम में पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। दिन के अंतिम कार्यक्रम में वे ग्राम पंचायत रेबर पहुंचे, जहां उन्होंने ‘सांसद दर्शन तीर्थ यात्रा’ के श्रद्धालुओं का पैर पखारकर और पुष्प वर्षा कर जत्थे को रवाना किया। सांसद ने कहा कि वे जनता के सेवक हैं और हमेशा उनके बीच बने रहेंगे। इस मौके पर जिला सांसद प्रतिनिधि अजय साव, किशोरी राणा सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
