द जन सभा, हजारीबाग संवाददाता, आशीष साव
झारखंड मुक्ति मोर्चा ने सोमवार को हजारीबाग के डीवीसी चौक स्थित प्राॅवेश रिज़ॉर्ट में एक भव्य सदस्यता ग्रहण समारोह का आयोजन कर जिले में अपनी सांगठनिक ताकत का अहसास कराया। इस गरिमामयी समारोह में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों लोगों ने झामुमो की नीतियों पर भरोसा जताते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसमें कई अन्य राजनैतिक दलों के दिग्गज नेताओं, प्रबुद्ध सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं ने बड़ी संख्या में झामुमो का दामन थामकर विपक्ष को करारा झटका दिया।

मूलवासियों और गरीबों की बुलंद आवाज है झामुमो: संजीव बेदिया
समारोह के मुख्य अतिथि झामुमो जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बेदिया ने सभी नए सदस्यों को माला पहनाकर और पार्टी का पट्टा पहनाकर विधिवत रूप से संगठन में शामिल किया। जनसभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा राज्य के मूलवासी, आदिवासी, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और गरीब तबकों की आवाज बनकर निरंतर संघर्ष कर रही है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता का यह बढ़ता कारवां इस बात का गवाह है कि लोग झामुमो की जनहितकारी नीतियों और नेतृत्व से बेहद प्रभावित हैं। उन्होंने नए कार्यकर्ताओं का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का स्पष्ट आह्वान किया।
झामुमो राजनीतिक दल नहीं, झारखंडी अस्मिता का आंदोलन: कुणाल यादव
इस पूरे सदस्यता अभियान का कुशल नेतृत्व पार्टी के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी कुणाल यादव ने किया। कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने से लेकर संगठनात्मक तालमेल बिठाने में उनकी सक्रिय भूमिका सराहनीय रही। अपने ओजस्वी संबोधन में कुणाल यादव ने कहा कि झामुमो महज एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और झारखंडी अस्मिता की रक्षा का एक जीवंत आंदोलन है। आज जिस तरह विभिन्न दलों के शीर्ष नेता और सामाजिक कार्यकर्ता पार्टी से जुड़ रहे हैं, उससे आने वाले समय में संगठन को अभूतपूर्व मजबूती मिलेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसरोकार के मुद्दों को लेकर चौबीसों घंटे जनता के बीच सक्रिय रहने की अपील की।
सड़क से सदन तक जनता के लिए संघर्ष का परिणाम: नीलकंठ महतो
कार्यक्रम का सफल संचालन करते हुए जिला सचिव नीलकंठ महतो ने कहा कि झामुमो का संगठन अब केवल शहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि गांव-गांव और वार्ड स्तर तक अपनी जड़ें मजबूत कर चुका है। पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता जनता की समस्याओं को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष कर रहा है और इसी जमीनी संघर्ष का परिणाम है कि लोग आज स्वतः स्फूर्त होकर झामुमो परिवार का हिस्सा बन रहे हैं।
जदयू के प्रदेश महासचिव सहित कई दिग्गजों ने ली सदस्यता
इस समारोह के दौरान विपक्षी खेमे में उस वक्त बड़ी हलचल देखी गई जब जदयू के झारखंड प्रदेश महासचिव रोमी सलुजा, आनंद प्रकाश पांडेय, वीरेंद्र कुमार दुबे, विनोद सिंह और नज़राना परवीन ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ झामुमो की सदस्यता ले ली। इसके साथ ही केरेडारी क्षेत्र से भारी समर्थकों के साथ पहुंचे समशाद अंसारी, प्रख्यात समाजसेवी विक्रम कुमार रवि, शिक्षाविद प्रो. गालिब सिद्दीकी, मोइनुद्दीन, अभितेष कुमार, राजेश यादव, पिंकू हुसैन, दानिश इकबाल, अशिफ इकबाल, संतोष कुमार, विक्की तथा विशाल अग्रवाल सहित भारी संख्या में युवाओं ने झामुमो का झंडा थामा। सभी नए सदस्यों ने एक स्वर में झारखंड के जनसरोकारों की लड़ाई को और धार देने का संकल्प लिया।
समारोह में दर्जनों वरिष्ठ नेताओं की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस ऐतिहासिक सांगठनिक मिलन समारोह के अवसर पर झामुमो के केंद्रीय सदस्य मो. इजहार, सुनील शर्मा, गौरव पटेल, राम किशोर मुर्मू, विकास राणा और राजा मोहम्मद मुख्य रूप से उपस्थित थे। इसके अलावा जिला उपाध्यक्ष रंजीत मेहता व नईम राही, दीपक रॉय, जिला सह सचिव राजदेव यादव व लखीराम मांझी, दयानंद मेहता, कोषाध्यक्ष मो. अख्तर, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुनीता देवी, श्वेता दुबे, नगर अध्यक्ष नवीन प्रकाश, निसार अहमद, उपाध्यक्ष राजीव वर्मा, केसर जमाल, रामकुमार मेहता, सत्येंद्र मेहता, राजेश मेहता, सलीम अंसारी, देवानंद कुमार, नाजिर अहमद और संजय सिंह समेत दर्जनों पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उपस्थित रहकर नए सदस्यों का उत्साहवर्धन किया।
