15 अगस्त को झारखंड के सभी मतदान केंद्रों पर होगी ग्राम सभा, मतदाता सूची का होगा सत्यापन

चुनाव झारखंड न्यूज़ रांची
Share Now

रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद दावा एवं आपत्ति चरण के दौरान 15 अगस्त को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष ग्राम सभा आयोजित की जाएगी।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि Manual of Electoral Rolls, 2023 के प्रावधानों के तहत आयोजित होने वाली इस ग्राम सभा में बूथ लेवल पदाधिकारी (BLO) प्रारूप मतदाता सूची में दर्ज सभी मतदाताओं के नाम सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाएंगे। यदि किसी मतदाता के नाम, पते या अन्य विवरण में त्रुटि होगी तो प्रपत्र-8 के माध्यम से सुधार कराया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र भारतीय नागरिक प्रपत्र-6 के साथ आवेदन और घोषणा पत्र भरकर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि यह ग्राम सभा केवल मतदाता सूची से संबंधित होगी और इसे किसी अन्य विभागीय कार्यक्रम के साथ नहीं जोड़ा जाएगा। साथ ही, चुनाव पाठशाला के सदस्यों के सहयोग से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने और प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य शुद्ध, त्रुटिरहित और समावेशी मतदाता सूची तैयार करना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *