द जन सभा | डेस्क
कांके पुलिस ने अश्लील तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर महिला को ब्लैकमेल करने और जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने के मामले में आरोपी शत्रुघन सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान बिहार के औरंगाबाद जिले के अंबा थाना अंतर्गत चौखड़ा गांव निवासी शत्रुधन कुमार सिंह, उम्र 28 वर्ष, पिता सुनील कुमार सिंह के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पीड़िता की शिकायत पर कांके थाने में कांड संख्या 147/26 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि अभियुक्त उस पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। ऐसा न करने पर उसने पीड़िता की अश्लील तस्वीरें उसके रिश्तेदारों को भेज दीं और लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(4), 351(2), 352, 76 तथा आईटी एक्ट की धारा 67/67(A) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी शत्रुधन कुमार सिंह को सोमवार को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
कांके थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर कुणाल कुमार ने उक्त मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते की है। उन्होंने आगे कहा कि महिला की निजता का हनन करना, उसकी अश्लील तस्वीरों का उपयोग कर ब्लैकमेल करना और जबरन दबाव बनाना गंभीर अपराध हैं, उन्होंने दो टूक में कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और डिजिटल अपराधों पर अंकुश लगाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
