द जन सभा डेस्क
लोकहित अधिकार पार्टी ने झारखंड में अपने संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान को धार देने की दिशा में चतरा में बैठक आयोजित की। प्रवास कार्यक्रम के तहत चतरा सदर के लेन मोहल्ला में हुई इस बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संतन कुमार ने की। बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी स्थानीय और राष्ट्रीय चुनावों को ध्यान में रखते हुए ज़मीनी स्तर पर जनाधार बढ़ाना और जन-सरोकार के मुद्दों पर संघर्ष की रणनीति तय करना रहा।

बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हरिनाथ साहू ने कहा कि शोषित, वंचित और उपेक्षित वर्गों को सामाजिक न्याय और राजनीतिक भागीदारी दिलाना ही लोकहित अधिकार पार्टी का मूल लक्ष्य है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि आगामी पंचायत चुनाव और वर्ष 2029 के विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों को देखते हुए अभी से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किया जाए। इसके लिए सदस्यता अभियान में तेज़ी लाने और स्थानीय जन-मुद्दों पर आंदोलन खड़ा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए हरिनाथ साहू ने केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने छात्र आंदोलन के दबाव का ज़िक्र करते हुए इसे छात्रों की जीत बताया और नीट पेपर लीक विरोध-प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज, मुकदमों तथा देश में बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार की आलोचना की। इसके साथ ही, स्थानीय स्तर पर नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हजारीबाग से चतरा-सिमरिया मार्ग होकर होने वाली कोयला ढुलाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग उठाई। उनका कहना था कि भारी कोयला वाहनों के परिचालन से क्षेत्र में प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया है, जिससे आम जनता का जीना दूभर हो रहा है। पार्टी ने इस मुद्दे को लेकर जल्द ही एक व्यापक जन-आंदोलन शुरू करने की चेतावनी भी दी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
