झारखंड में अवैध कोयला खनन पर सीआईएसएफ का बड़ा एक्शन, 916 मीट्रिक टन कोयला जब्त

झारखंड न्यूज़ रांची
Share Now

बीसीसीएल-सीसीएल क्षेत्रों में हुई कार्रवाई

रांची: झारखंड में अवैध कोयला खनन और तस्करी के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने सख्त कार्रवाई करते हुए बीसीसीएल और सीसीएल क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर छापेमारी की है। 20 से 26 जुलाई 2026 के बीच चले विशेष अभियान में राज्य से 916 मीट्रिक टन अवैध कोयला जब्त किया गया।

सीआईएसएफ की ओर से जारी जानकारी के अनुसार बीसीसीएल धनबाद, सीसीएल करगली और एनके पीपरवार क्षेत्रों में कुल 31 छापेमारी की गई। इनमें बीसीसीएल धनबाद में 14 छापेमारी के दौरान 771 मीट्रिक टन अवैध कोयला बरामद किया गया। इस कार्रवाई में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया और एक वाहन जब्त किया गया।

वहीं, सीसीएल करगली क्षेत्र में 11 छापेमारी के दौरान 145 मीट्रिक टन अवैध कोयला जब्त किया गया। एनके पीपरवार क्षेत्र में छह छापेमारी कर 20 मीट्रिक टन अवैध कोयला बरामद किया गया। यहां एक एफआईआर दर्ज की गई और तीन वाहन जब्त किए गए।

सीआईएसएफ ने बताया कि यह अभियान गृह मंत्रालय के निर्देश पर “जीरो कोल लीकेज” अभियान के तहत चलाया जा रहा है। कार्रवाई खुफिया सूचनाओं, तकनीकी निगरानी और स्थानीय प्रशासन व कोयला कंपनियों के समन्वय से की गई।

देशभर में इसी अवधि के दौरान सीआईएसएफ ने 85 छापेमारी कर 1,277 मीट्रिक टन अवैध कोयला जब्त किया। साथ ही पांच लोगों को गिरफ्तार, एक एफआईआर दर्ज और 40 वाहनों को जब्त किया गया।

सीआईएसएफ ने कहा कि एमएमडीआर अधिनियम, 1957 के तहत मिली शक्तियों का प्रभावी उपयोग करते हुए अवैध खनन, कोयला चोरी और अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि देश के खनिज संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *