द जन सभा | निरंजन भारती
झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला समिति की ओर से मंगलवार को शहर के शहीद नीलाम्बर-पीताम्बर टाउन हॉल में बूथ सशक्तिकरण सह बीएलए-2 का जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। हूल दिवस के शहीदों सिद्धो-कान्हो की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में बूथ स्तर पर कार्यरत बीएलए-2 को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता सूची को अद्यतन करने तथा योग्य मतदाताओं के नाम जोड़ने संबंधी तकनीकी व आवश्यक जानकारी दी गई।

मुख्य अतिथि झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बीएलए-2 से घर-घर जाकर सत्यापन करने और हर पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल कराने का आह्वान किया। वहीं, पूर्व मंत्री व केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा कि अन्य राज्यों की तरह झारखंड में भी एसआईआर के दौरान किसी योग्य मतदाता का नाम न कटे, इसके लिए सभी बीएलए निष्ठापूर्वक कार्य करें। इस दौरान भवनाथपुर विधायक अनंत प्रताप देव सहित जिला व प्रखंड स्तर के कई पदाधिकारी व बूथ प्रभारी उपस्थित रहे।

