EDUCATION: NUSRL रांची में 4 नए PG डिप्लोमा कोर्स शुरू, 30 जुलाई तक करें आवेदन

अभी अभी जन सभा विशेष
Share Now

द जन सभा | निरंजन भारती

नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ स्टडी एंड रिसर्च इन लॉ (NUSRL), रांची ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए चार नए विशेषीकृत पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा (PG Diploma) पाठ्यक्रमों की शुरुआत की है। इसके तहत छात्र अब माइंस एंड मिनरल्स लॉ, बौद्धिक संपदा अधिकार (IPR), बाल अधिकार एवं बाल संरक्षण, और कॉर्पोरेट लॉ की पढ़ाई कर सकेंगे। झारखंड की समृद्ध खनिज संपदा और उससे जुड़े कानूनी महत्व को देखते हुए माइंस एंड मिनरल्स लॉ का यह कोर्स बेहद खास माना जा रहा है।

इन रोजगारपरक पाठ्यक्रमों को आधुनिक कानूनी चुनौतियों और उद्योग जगत की बदलती मांगों के अनुरूप तैयार किया गया है, ताकि छात्रों और पेशेवरों को संबंधित क्षेत्रों का व्यावहारिक व विशेषज्ञ कानूनी ज्ञान मिल सके।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इन कोर्सों में प्रवेश के लिए किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान से किसी भी विषय में स्नातक पास अभ्यर्थी आवेदन के योग्य हैं। कामकाजी पेशेवरों की सहूलियत के लिए इन पाठ्यक्रमों की कक्षाएं सप्ताहांत और अवकाश के दिनों में संचालित की जाएंगी। प्रत्येक कोर्स की फीस 35,000 रुपये और आवेदन शुल्क 500 रुपये तय किया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी 30 जुलाई 2026 तक यूनिवर्सिटी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद पूरी तरह मेरिट के आधार पर 2 अगस्त को चयन सूची जारी की जाएगी और 10 अगस्त 2026 से नया सत्र शुरू हो जाएगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *