द जन सभा | निरंजन भारती
कांके थाना क्षेत्र से पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। कांके थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर कुणाल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में कुछ संदिग्ध लोग मादक पदार्थ बेचने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने जाल बिछाया और सलमान हुसैन पिता स्व. निजामुद्दीन हुसैन, निवासी जयपुर, कांके और देव करमाली पिता सुबोध करमाली, निवासी हातमा तालाब, मिसिगोंदा, गोंदा को रंगेहाथ धर दबोचा। तलाशी लेने पर उनके पास से ब्राउन शुगर की 8 पुड़िया बरामद की गई हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 21(a)/22(b) और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। कांके थाना कांड संख्या 121/26 के अंतर्गत कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद, शुक्रवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और क्षेत्र में नशा विरोधी अभियान आगे भी जारी रहेगा।
