CRIME NEWS: राँची में ब्राउन शुगर के साथ 5 कुख्यात तस्कर गिरफ्तार

अभी अभी जन सभा विशेष
Share Now

द जन सभा |  निरंजन भारती

अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ राँची पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सिटी एसपी के निर्देशन और कोतवाली एएसपी के नेतृत्व में एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम का गठन किया गया था। इस टीम ने शहर के हिन्दपीढ़ी, सुखदेवनगर और कोतवाली थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में शामिल पांच शातिर तस्करों को रंगे हाथ दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों में से तीन का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। पुलिस ने इनके पास से करीब 28 ग्राम ब्राउन शुगर, नगदी, मोबाइल और तस्करी में इस्तेमाल होने वाली एक मोटरसाइकिल व सीएनजी ऑटो बरामद किया है।

पुलिस की पहली कार्रवाई हिन्दपीढ़ी इलाके में मारवाड़ी कॉलेज के पास एक आधे बने मकान में हुई, जहाँ से मोहम्मद एहतेशाम और मोहम्मद शहादत को 1.29 ग्राम ब्राउन शुगर और 8,020 रुपये कैश के साथ गिरफ्तार किया गया। इसके बाद टीम ने सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के मुड़ला पहाड़ के पास छापा मारकर जितेंद्र कुमार सिंह और राहुल कुमार यादव को दबोचा, जिनके पास से सबसे ज्यादा 18.6 ग्राम ब्राउन शुगर, एक बाइक और एक सीएनजी ऑटो जब्त किया गया। वहीं, तीसरी कार्रवाई में कोतवाली थाना क्षेत्र के जेपीएससी कार्यालय के पास से राजकुमार पुराण नाम के तस्कर को 8 ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *