रांची में मतदाता जागरूकता अभियान का आयोजन ECINET App से नाम जोड़ने की दी गई जानकारी

अभी अभी आदिवासी जन सभा विशेष
Share Now

द जन सभा |  डेस्क

रांची में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के तहत मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला प्रशासन की ओर से रांची के Santosh College of Teachers Training Education में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों समेत अन्य हितधारकों को मतदाता सूची से जुड़ी जरूरी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करना और चुनावी प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को बताया गया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अहम हिस्सा है। अधिकारियों ने नए मतदाताओं के पंजीकरण, मतदाता पहचान पत्र और मतदाता सूची से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों को विशेष रूप से इस बात के लिए प्रोत्साहित किया गया कि वे स्वयं जागरूक होने के साथ अपने परिवार और आसपास के पात्र लोगों को भी मतदाता पंजीकरण के लिए प्रेरित करें।

अभियान में ECINET App के इस्तेमाल की प्रक्रिया पर विशेष जोर दिया गया। प्रतिभागियों को ऐप डाउनलोड करने से लेकर इसके माध्यम से फॉर्म-06 भरकर नए मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई गई। ऑनलाइन आवेदन के दौरान आवश्यक दस्तावेजों और आवेदन प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की गईं, ताकि पात्र नागरिक बिना अनावश्यक परेशानी के अपना आवेदन कर सकें। जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और समावेशी बनाना है। इसके तहत पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के साथ मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी को लेकर व्यापक जन-जागरूकता पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है।
रांची के उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के तहत मतदाता सूची में अपना नाम अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं। उन्होंने नागरिकों से ECINET App के माध्यम से सुविधापूर्वक आवेदन करने और अपने आसपास के पात्र लोगों को भी इसके लिए जागरूक करने की अपील की।

जिला प्रशासन के अनुसार, ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए खासकर युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले नागरिकों को चुनावी प्रक्रिया से जोड़ा जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे और मतदाता सूची अधिक व्यापक एवं त्रुटिरहित बनाई जा सके।
जन शिकायत के लिए रांची जिला प्रशासन का आधिकारिक व्हाट्सऐप नंबर: 9430328080, अबुआ साथी–9430328080

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *