रांची: ऊपरी असम में भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए रिलायंस फाउंडेशन ने व्यापक राहत अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत शिवसागर और चराइदेव जिलों के कम से कम 10 हजार परिवारों तक भोजन, सुरक्षित पेयजल, राशन, स्वास्थ्य सेवाएं और अस्थायी आश्रय से जुड़ी सहायता पहुंचाई जाएगी। इन दोनों जिलों में बाढ़ से 5 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।
रिलायंस फाउंडेशन की आपदा प्रबंधन टीम ने जिला प्रशासन और स्थानीय संगठनों के साथ मिलकर प्रभावित क्षेत्रों का आकलन करने के बाद राहत कार्य शुरू किया है। इस अभियान में वनतारा, रिलायंस रिटेल और जियो भी सहयोग कर रहे हैं।
राहत अभियान के तहत भोजन और राशन की कमी झेल रहे परिवारों के लिए सामुदायिक रसोई संचालित की जा रही है। साथ ही सूखे राशन के पैकेट वितरित किए जाएंगे। विस्थापित परिवारों को तिरपाल, ग्राउंडशीट, मच्छरदानी, रस्सी और बिस्तर सहित आपातकालीन आश्रय किट भी उपलब्ध कराई जाएगी।
बाढ़ से प्रभावित स्वास्थ्य सेवाओं को बहाल करने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की सफाई और मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। प्रभावित लोगों को स्वच्छ पेयजल और स्वच्छता संबंधी आवश्यक किट भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
पशुधन की सुरक्षा के लिए वनतारा की 39 सदस्यीय विशेषज्ञ टीम मौके पर तैनात की गई है। टीम पालतू पशुओं के इलाज और देखभाल के साथ स्थानीय समुदाय के अन्य जानवरों की भी सहायता करेगी। इसके अलावा करीब 4 हजार प्रभावित मवेशियों के लिए चारे की व्यवस्था भी की जा रही है।
रिलायंस फाउंडेशन ने कहा कि राहत सामग्री समय पर जरूरतमंदों तक पहुंचे, इसके लिए उसकी टीमें जिला प्रशासन, सरकारी विभागों, स्थानीय संस्थाओं और सहयोगी संगठनों के साथ समन्वय बनाकर लगातार राहत कार्यों में जुटी हुई हैं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
