रांची: रिलायंस जियो ने जून 2026 में सक्रिय (VLR) मोबाइल ग्राहकों के मामले में सभी टेलीकॉम कंपनियों को पीछे छोड़ दिया। भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, जियो ने जून के दौरान 33.3 लाख सक्रिय मोबाइल ग्राहक जोड़े, जिससे उसका सक्रिय ग्राहक आधार बढ़कर 49.89 करोड़ हो गया। देश के कुल 120.11 करोड़ सक्रिय मोबाइल ग्राहकों में जियो की हिस्सेदारी करीब 41.5 प्रतिशत रही।
रिपोर्ट के अनुसार, जून में जियो ने कुल 21.5 लाख नए मोबाइल ग्राहक भी जोड़े, जिससे उसका कुल मोबाइल ग्राहक आधार 50.36 करोड़ तक पहुंच गया। इसके साथ ही कंपनी 39.3 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी के साथ देश की सबसे बड़ी मोबाइल सेवा प्रदाता बनी हुई है।
सक्रिय ग्राहकों के मामले में भारती एयरटेल ने भी 29.3 लाख नए सक्रिय ग्राहक जोड़े, जबकि वोडाफोन आइडिया, बीएसएनएल और एमटीएनएल के सक्रिय ग्राहक आधार में गिरावट दर्ज की गई।
वायरलाइन सेवाओं में भी जियो ने अपनी बढ़त कायम रखी। जून के दौरान कंपनी ने लगभग 1.44 लाख नए वायरलाइन कनेक्शन जोड़े, जिससे उसके कुल वायरलाइन ग्राहकों की संख्या 1.56 करोड़ हो गई। इस श्रेणी में कंपनी की बाजार हिस्सेदारी 32.7 प्रतिशत रही।
5G फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस (FWA) सेवा में भी जियो शीर्ष स्थान पर रहा। जून के अंत तक कंपनी के 91.14 लाख 5G FWA ग्राहक हो गए, जो देश के कुल 5G FWA ग्राहकों का 70.5 प्रतिशत है। महीने के दौरान कंपनी ने करीब 1.46 लाख नए 5G FWA ग्राहक जोड़े। इसके अलावा, UBR आधारित फिक्स्ड वायरलेस सेवा देने वाली जियो देश की एकमात्र कंपनी बनी हुई है और इस सेवा के ग्राहकों की संख्या 49.34 लाख तक पहुंच गई है।
TRAI के अनुसार, जून 2026 के अंत तक भारत का कुल टेलीफोन ग्राहक आधार बढ़कर लगभग 134.8 करोड़ हो गए।
