रांची: झारखंड कैटरर्स एसोसिएशन की बैठक होटल ग्रीन पार्क में हुई। बैठक का संचालन संयोजक नवीन शर्मा ने किया। बैठक में आगामी 26 सितंबर को आयोजित होने वाले कैटरर्स दिवस, 9वें वार्षिक समारोह और जागरूकता कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की गई।
अध्यक्ष कमल अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कैटरर्स को जीएसटी, फूड लाइसेंस, ट्रेड लाइसेंस और सुरक्षा से जुड़े नियमों के प्रति जागरूक करना है। कैटरर्स दिवस के अवसर पर कमर्शियल गैस के सुरक्षित एवं किफायती उपयोग को लेकर इंडियन ऑयल की ओर से कार्यशाला आयोजित की जाएगी। वहीं गुजरात की क्लियर वाटर संस्था द्वारा पानी के उत्पादन से लेकर सप्लाई तक की प्रक्रिया की डिजिटल प्रस्तुति दी जाएगी।
सह सचिव दीपेश ने बताया कि सरकारी नियमों के अनुपालन को लेकर झारखंड के कैटरर्स के लिए विशेष कार्यशाला होगी। झारखंड व्यापार मंच के अध्यक्ष दीपेश निराला कैटरर्स को विभिन्न नियमों और प्रक्रियाओं की जानकारी देंगे। कार्यशाला 26 सितंबर को सुबह 11 बजे ग्रैविटास बैंक्वेट हॉल में होगी। इसमें फूड लाइसेंस, ट्रेड लाइसेंस और जीएसटी से संबंधित अधिकारी जानकारी देंगे।
मीडिया प्रभारी राहुल कुमार कश्यप ने बताया कि शाम को कैटरर्स परिवार के लिए रंगारंग कार्यक्रम आयोजित होगा। इस दौरान प्रतिभाओं का सम्मान, लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड और अन्य कार्यक्रम होंगे। समारोह में झारखंड के विभिन्न जिलों से कैटरर्स शामिल होंगे।
बैठक में अमन, राकेश, रोशन, रोहन, संजय, संतोष, वकील, सपन, तपन, सुरेश, विकास, पंकज, दिनकर, पिंटू, प्रवीण, रणजीत, गुड्डू समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे।
