भारत से अमेरिका तक जियो का 5G साथ, टी-मोबाइल के साथ सीमलेस रोमिंग

कारोबार झारखंड न्यूज़ रांची
Share Now

अमेरिका पहुंचने पर भी जियो ग्राहकों को मिलेगा 5G स्टैंडअलोन नेटवर्क का अनुभव

रांची: अमेरिका जाने वाले जियो ग्राहकों के लिए मोबाइल रोमिंग का अनुभव अब और बेहतर होने जा रहा है। जियो और टी-मोबाइल ने 5G स्टैंडअलोन नेटवर्क के बीच रोमिंग कनेक्टिविटी शुरू करने की घोषणा की है। दोनों कंपनियों के अनुसार, दो अलग-अलग देशों के 5G स्टैंडअलोन नेटवर्क को रोमिंग के जरिए जोड़ने का यह दुनिया का पहला मामला है।

इस व्यवस्था के तहत भारत से अमेरिका जाने वाले जियो ग्राहक टी-मोबाइल के 5G स्टैंडअलोन नेटवर्क पर रोमिंग का लाभ उठा सकेंगे। वहीं, अमेरिका से भारत आने वाले टी-मोबाइल ग्राहक जियो के 5G स्टैंडअलोन नेटवर्क का इस्तेमाल कर सकेंगे।

कंपनियों के मुताबिक, इससे ग्राहकों को तेज स्पीड, कम लेटेंसी और ज्यादा भरोसेमंद कनेक्टिविटी का अनुभव मिलेगा। वीडियो स्ट्रीमिंग, ट्रैवल रील शेयर करने, वीडियो कॉलिंग या बिजनेस ऐप इस्तेमाल करने जैसी गतिविधियां देश बदलने के बाद भी ज्यादा सहज तरीके से जारी रह सकेंगी।

टी-मोबाइल के चीफ नेटवर्क ऑफिसर अंकुर कपूर ने कहा कि इस तकनीक से ग्राहक एक देश से दूसरे देश पहुंचने के बाद भी अपने 5G अनुभव को सहज बनाए रख सकेंगे। वहीं, जियो के हेड-इंटरनेशनल नेटवर्क, पार्टनरशिप एंड सर्विसेज मार्क यारकोस्की ने कहा कि यह पहल सिर्फ रोमिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि भविष्य में ग्राहकों और कारोबारों के लिए नई तथा एआई आधारित सेवाओं के विकास का रास्ता भी खोल सकती है।

इस कनेक्टिविटी को संभव बनाने में सिनिवर्स (Syniverse) के प्लेटफॉर्म की भी अहम भूमिका रही है, जिसने दोनों कंपनियों के नेटवर्क को सुरक्षित तरीके से जोड़ने में सहयोग किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *