कांके के सुकुरहुट्टू में शिव महापुराण कथा की तैयारी पूरी, जुटेंगे 20 लाख श्रद्धालु, ग्रामीण एसपी, एसडीएम, ट्रैफिक एसपी, डीएसपी, सीओ ने लिया जायजा

झारखंड धर्म अध्यात्म
Share Now
कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते पुलिस प्रशासन

The Jan Sabha संवाददाता, रांची: कांके प्रखंड अंतर्गत सुकुरहुट्टू गौशाला मैदान में आगामी 5 मई से 11 मई तक आयोजित होने वाली सात दिवसीय ‘श्री शिव महापुराण कथा’ के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस भव्य धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। कथा के आयोजन और श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर सक्रियता बढ़ा दी गई है।

सोमवार को कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा और व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के लिए रांची के वरिष्ठ अधिकारियों का दल सुकुरहुट्टू पहुँचा। इस टीम में रांची एसडीएम, ट्रैफिक एसपी, ग्रामीण एसपी, डीएसपी मुख्यालय-1, कांके अंचलाधिकारी (सीओ), इंस्पेक्टर कुणाल कुमार, कांके प्रखंड विकास पदाधिकारी और कांके उप-प्रमुख अंजय बैठा सहित कई अन्य अधिकारी शामिल थे। अधिकारियों ने पूरे मैदान का भ्रमण कर मंच, पंडाल, पार्किंग और निकास द्वारों की समीक्षा की।

आयोजन समिति के अनुमान के मुताबिक, इस सात दिवसीय कथा में देश के विभिन्न हिस्सों से लगभग 20 लाख श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है। प्रशासन ने आकलन किया है कि प्रत्येक दिन करीब 2 लाख लोग कथा श्रवण के लिए पहुंचेंगे। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के आवागमन को देखते हुए ट्रैफिक एसपी ने यातायात के विशेष इंतजाम और रूट डायवर्जन के निर्देश दिए हैं ताकि आम जनता को असुविधा न हो।

निरीक्षण के बाद ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि सादे लिबास में पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त बल मंगाए गए हैं। पूरे परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के जरिए की जाएगी ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

वहीं, कांके उप-प्रमुख अंजय बैठा ने कहा कि स्थानीय प्रशासन और जन-प्रतिनिधि मिलकर इस आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, शौचालय और प्राथमिक चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आयोजन समिति ने भी अपनी ओर से आश्वस्त किया है कि बाहर से आने वाले भक्तों के ठहरने और भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि उन्हें कोई कठिनाई न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *