
द जन सभा | डेस्क | चतरा
टंडवा में नो एंट्री के नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों की अब मुश्किलें बढ़ सकती हैं। प्रशासन ने ऐसे 80 वाहनों की सूची जारी कर हड़कंप मचा दिया है। इन वाहनों पर नो एंट्री का आदेश तोड़ने, तेज रफ्तार से चलने, गलत तरीके से ओवरटेक करने और यातायात व्यवस्था बाधित करने जैसे आरोप लगाए गए हैं। टंडवा अंचल अधिकारी की ओर से जारी पत्र में 80 वाहनों के नंबर दर्ज करते हुए संबंधित अधिकारियों से नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया है। यह पत्र अनुमंडल पदाधिकारी सिमरिया, जिला परिवहन पदाधिकारी चतरा और मोटरयान निरीक्षक को भेजा गया है। पत्र में साफ तौर पर मोटर वाहन अधिनियम 1988 की विभिन्न धाराओं के तहत उल्लंघनों का जिक्र किया गया है।
प्रशासन की सूची में वाहनों के खिलाफ कई तरह के यातायात उल्लंघनों का उल्लेख किया गया है। इनमें अधिकारियों के आदेश की अवहेलना, यातायात बाधित करना, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करना, नो पार्किंग और खतरनाक पार्किंग, नो एंट्री का उल्लंघन, तेज और लापरवाही से वाहन चलाना तथा गलत तरीके से ओवरटेक करना शामिल हैं। पत्र में मोटर वाहन अधिनियम की धारा 179(1), 201, 190(2), 117/177, 184 और 189 का उल्लेख किया गया है।
आरोप है कि इन वाहनों ने नो एंट्री के आदेश को नजरअंदाज किया। इसके अलावा नो पार्किंग, खतरनाक पार्किंग, सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी और लापरवाही से वाहन चलाने जैसे मामले भी दर्ज किए गए हैं। प्रशासन की इस पहल से टंडवा में वाहन संचालकों के बीच हलचल तेज हो गई है। अब सबकी नजर परिवहन विभाग की कार्रवाई पर टिकी है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
